PUBG addiction took his life young man playing game wearing headphones suffered brain injury in meerut पबजी की लत ने ले ली जान, हेडफोन लगाकर गेम खेल रहे युवक के दिमाग की नस फटी, मौत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पबजी की लत ने ले ली जान, हेडफोन लगाकर गेम खेल रहे युवक के दिमाग की नस फटी, मौत

मेरठ में पबजी गेम के चलते एक युवक की जान चली गई। देर रात तक मोबाइल पर गेम खेल रहे युवक के दिमाग की नस फट गई। परिजन जब उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो तब युवक का ब्लड प्रेशर 300 के पार पहुंच गया था।

Mon, 9 Feb 2026 04:02 PMDinesh Rathour मेरठ
share
पबजी की लत ने ले ली जान, हेडफोन लगाकर गेम खेल रहे युवक के दिमाग की नस फटी, मौत

यूपी के मेरठ में पबजी गेम के चलते एक युवक की जान चली गई। देर रात तक मोबाइल पर गेम खेल रहे युवक के दिमाग की नस फट गई। परिजन जब उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो तब युवक का ब्लड प्रेशर 300 के पार पहुंच गया था। दो दिन दिल्ली के अस्पताल में चले उपचार के बाद रविवार सुबह युवक की मौत हो गई। देहलीगेट थाना क्षेत्र के खैरनगर गूलर वाली गली निवासी प्रॉपर्टी डीलर फारुक का 22 वषीय बेटा मोहम्मद कैफ शुक्रवार रात हेडफोन लगाकर मोबाइल पर पबजी गेम खेल रहा था।

परिजनों ने बताया कि देर रात करीब तीन बजे गेम खेलते खेलते कैफ बेड से नीचे गिर गया। परिजनों को इसका पता लगा तो वह उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच की तब उसका ब्लड प्रेशर 300 के पार पहुंच गया था। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया। दो दिन दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार सुबह कैफ की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कैफ के जीजा शाहिद ने बताया कि कैफ परिवार में इकलौता बेटा था। डॉक्टरों ने ब्लड प्रेशर बढ़ने से दिमाग की नस फटना मौत का कारण बताया है। रविवार रात परिजनों ने कब्रिस्तान में शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया, परिजनों की तरफ से थाने में कोई सूचना नहीं दी गई है। अगर परिवार के लोग तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। बच्चों को लेकर परिजनों को जागरूक होने की जरूरत है।

कैफ के लिए रिश्ता देख रहा था परिवार

कैफ के जीजा शाहिद ने बताया कि कैफ की मौत के बाद बहन और मां का रो रोकर बुरा हाल है। पूरा परिवार सदमे में है। कुछ दिन पहले कैफ की शादी को लेकर बात हुई थी। परिवार उसके लिए रिश्ता देख रहा था। वहीं, इस घटना को लेकर आस पड़ोस में तमाम चर्चाएं बनी हुई हैं। कैफ के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

चार महीने से पबजी खेल रहा था कैफ

कैफ के पिता ने बताया कि कैफ चार माह से गेम खेल रहा था। उसे सोशल मीडिया पर रील बनाने का भी शौक था। वह देर रात तक हेडफोन लगाकर मोबाइल चलाता था। परिजनों ने बताया कि कैफ को कुछ साल पहले ब्लड प्रेशर बढ़ने की शिकायत हुई थी। उसका इलाज चल रहा था। मोबाइल से दूरी, मैदान है जरूरी बढ़ते स्क्रीन टाइम ने बच्चों के खेलने और समझने की शक्ति को प्रभावित किया है। चिकित्सकों का मानना है कि बच्ची का स्क्रीन टाइम घटाने का सबसे बेहतर माध्यम स्पोर्ट्स है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ तनुराज सिरोही का कहना है कि मोबाइल से दूरी और मैदान जरूरी है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।