Magh Mela: श्रद्धालुओं की कम भीड़ के चलते रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें की निरस्त
Prayagraj News - प्रयागराज में श्रद्धालुओं की कम भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। इसमें बढ़नी–रामबाग, बनारस–प्रयागराज, और झूंसी–गोरखपुर जैसी ट्रेनों के नाम शामिल हैं। रेलवे ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए ये निर्णय लिया है।

प्रयागराज आने-जाने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है। अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने का प्लान बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें, वरना आपको स्टेशन से मायूस होकर लौटना पड़ सकता है। दरअसल, रेलवे ने श्रद्धालुओं की उम्मीद से कम भीड़ को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। पूर्वोत्तर रेलवे ने यह फैसला लिया है, जिससे कई महत्वपूर्ण रूटों पर चलने वाली गाड़ियां प्रभावित रहेंगी। जानकारी के मुताबिक, 3, 4 और 5 जनवरी को चलने वाली बढ़नी-रामबाग स्पेशल ट्रेन अब नहीं चलेगी।
इसके अलावा, बनारस से प्रयागराज और रामबाग से प्रयागराज के बीच लोकल कनेक्टिविटी देने वाली स्पेशल ट्रेनों को भी 4, 5 और 6 जनवरी के लिए पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। कैंसिलेशन की यह लिस्ट यहीं खत्म नहीं होती। 4 जनवरी को छपरा से रामबाग और रामबाग से बढ़नी जाने वाली मेला स्पेशल ट्रेनें भी पटरी पर नहीं दौड़ेंगी। झूसी स्टेशन से जुड़ी ट्रेनों पर भी इसका सीधा असर पड़ा है। झूसी-बनारस और बनारस-झूसी मेला स्पेशल 4 और 5 जनवरी को रद्द रहेंगी।
वहीं, 4 जनवरी को झूसी से गोरखपुर जाने वाली और 5 जनवरी को गोरखपुर से वापस झूसी आने वाली स्पेशल ट्रेन का परिचालन भी बंद रहेगा। रेलवे के सीपीआरओ ने आधिकारिक तौर पर इसे अपरिहार्य कारणों से लिया गया फैसला बताया है, लेकिन माना जा रहा है कि यात्रियों की संख्या कम होने के चलते रेलवे ने यह कदम उठाया है। इसलिए किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए पूछताछ केंद्र या रेलवे ऐप से जानकारी लेकर ही स्टेशन के लिए निकलें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन