Protest Against Hindu Persecution in Bangladesh by VHP and Bajrang Dal in Prayagraj बांग्लादेश में हिंदुओं के उत्पीड़न के खिलाफ आक्रोश मार्च, Prayagraj Hindi News - Hindustan
More

बांग्लादेश में हिंदुओं के उत्पीड़न के खिलाफ आक्रोश मार्च

Prayagraj News - प्रयागराज में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं के उत्पीड़न के खिलाफ सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बांग्लादेश की सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आतंकवाद का पुतला फूंका। विहिप के नेताओं ने भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग की।

Fri, 26 Dec 2025 08:15 PMNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share
बांग्लादेश में हिंदुओं के उत्पीड़न के खिलाफ आक्रोश मार्च

प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। बांग्लादेश में हिंदुओं के उत्पीड़न से आक्रोशित विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सुभाष चौराहे पर जबर्दस्त प्रदर्शन किया। हनुमान मंदिर से सुभाष चौराहे तक जन आक्रोश मार्च निकालने के बाद हाथ में भगवा ध्वज लिए जुलूस में शामिल सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मो. यूनुस और आतंकवाद का पुतला फूंका। एक घंटे से अधिक समय तक चले प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। कार्यकर्ता बांग्लादेश मुर्दाबाद, हिंदुओं की हत्या बंद करो, भारत माता की जय, वंदे मातरम जैसे नारे लगा रहे थे।

विहिप काशी प्रांत के अध्यक्ष कविंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आए दिन हिंदू समाज के अस्तित्व और मान बिंदुओं पर बांग्लादेश में हमले हो रहे हैं। वहां जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। झूठे आरोपों में हत्याएं हो रही हैं, ऐसे में हम सब भारत सरकार से मांग करते हैं कि ऐसे अत्याचार पर अंकुश के लिए वह स्वयं संज्ञान लेकर हस्तक्षेप करे। हिंदू समाज अब जाग गया है, वह किसी प्रकार के दुर्व्यवहार का प्रतिउत्तर देना जानता है। सभा में डॉ. विश्वेश्वरानंद ब्रह्मचारी, किन्नर अखाड़ा से कौशल्यानंद गिरी, बलरामचार्या, रमन गिरी ने विचार रखे। कार्यक्रम में विहिप के प्रांत संगठन मंत्री नितिन, विभाग प्रचारक सुबंधु, विभाग कार्यवाह डॉ. संजय, लालमणि तिवारी, विनोद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, संजय गुप्ता, नित्यानंद उपाध्याय, योगेश तिवारी, विवेक त्रिपाठी, बजरंग दल संयोजक शुभम कुशवाहा, सुरेश शुक्ला, लवलेश बजरंगी, धीरज, रवि तिवारी मौजूद रहे। संचालन महानगर उत्तर अध्यक्ष अजय गुप्ता ने किया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।