त्योहारी सीजन में भी नहीं मिल रहा काम, काम न मिलने से मजदूर परेशान
Prayagraj News - प्रयागराज में लगभग 5,000 मजदूर काम की तलाश में लेबर अड्डों पर जमा होते हैं। बारिश और बाढ़ के कारण काम की कमी हो गई है, जिससे मजदूरों के सामने आर्थिक संकट बढ़ गया है। दीपावली के त्योहार से पहले, उन्हें...

प्रयागराज में कौशाम्बी, फतेहपुर, मिर्जापुर, भदोही समेत अन्य स्थानों से भी करीब पांच हजार से अधिक मजदूर नियमित तौर पर मजदूरी की तलाश में शहर के लेबर अड्डों पर जमा होते हैं। लेकिन मौजूदा समय में मजदूरों को नियमित काम नहीं मिलने के चलते वो अपनी दीपावली बिना रोशनी के ही बीतने की उम्मीद जता रहे हैं। बीते दिनों भारी बारिश और आपदा के चलते उद्योग-धंधों के साथ ही निर्माण कार्यों पर भी काफी असर पड़ा है। इसके चलते नियमित तौर पर आम मजदूरों को मिलने वाले काम पर इसका असर पड़ने लगा है।
शहर के प्रमुख लेबर अड्डों में शामिल अल्लापुर के लेबर चौराहा, धूमनगंज के कंधईपुर और कल्याणी देवी के पजावा चौराहे पर नियमित तौर पर मजदूर हजारों की संख्या में एकत्र होते हैं। वहीं, बहुत सारे मजदूर ऐसे भी हैं, जो बीते दिनों आई बाढ़ के चलते प्रभावित हुए हैं। उनका कहना है कि गांव में पट्टे की जमीन पर मजदूरी करते थे। लेकिन इस बार आई बाढ़ के चलते अधिकांश खेतों में पानी भर गया है। इसलिए आमदनी की तलाश में हमने गांव छोड़कर शहर का रुख किया। शहर आए तो पता चला कि मजदूरी और काम के लिए तो यहां बहुत कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
मजदूरों का कहना है कि बारिश और ठंड में लोग मकान निर्माण या फिर रंगाई-पुताई का कार्य अधिक कराते हैं क्योंकि यही तो काम का पीक समय होता है। दीपावली से पूर्व जहां सबसे ज्यादा काम रंगाई और पुताई का होता है, वह भी अब कम हो गया है। उन्होंने बताया कि रंगाई-पुताई करने वाले भी बड़े घरों या भवनों में काम के लिए सीधे पेंट कंपनी से ही संपर्क कर लेते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन