यूपी में महिला आरक्षण पर सियासी रण, लखनऊ में भाजपा ने निकाला मशाल जुलूस, पंकज चौधरी भी हुए शामिल
नारी शक्ति वंदन अधिनियम (संशोधन) बिल को लेकर भाजपा का विपक्ष के प्रति आक्रोश जारी है। इन दिनों यूपी में इसको लेकर खासी सियासत छिड़ी है। भाजपा सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन कर रही है।

UP BJP: नारी शक्ति वंदन अधिनियम (संशोधन) बिल को लेकर भाजपा का विपक्ष के प्रति आक्रोश जारी है। इन दिनों यूपी में इसको लेकर खासी सियासत छिड़ी है। भाजपा सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन कर रही है। शनिवार की शाम भाजपा ने लखनऊ में नारी शक्ति वंदन अधिनियम (संशोधन) बिल को लेकर महिला आक्रोश मशाल यात्रा निकाली। हाथ में बैनर पोस्टर और मशाल लेकर भाजपा की दर्जनों महिलाएं अटल चौक तक पहुंची। इसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई नेता शामिल हुए। भाजपा ने सदन में बिल गिरने के बाद सड़क पर विपक्षी दलों को घेरने की कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत लखनऊ और पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दो बड़े कार्यक्रम कर चुकी है।
लखनऊ में बीते दिनों निकाली गई जनाक्रोश महिला पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित उनकी सरकार के मंत्री पांच कालिदास मार्ग से विधानसभा तक पैदल चले थे। इसके साथ ही प्रदेश के जिलों में भी यह यात्राएं निकाली जा रही हैं। पार्टी की लखनऊ महानगर इकाई के तत्वावधान में शनिवार रात्रि करीब आठ बजे से होने वाले मशाल जुलूस कार्यक्रम में हजारों महिलाएं शामिल होंगी, जो हाथों में मशाल लेकर नारेबाजी करते हुए विपक्षी दलों को घेरेंगी। शनिवार को लखनऊ में निकली गई मशाल जुलूस रैली को देखते हुए हजरतगंज के आसपास क्षेत्रों में डायवर्जन लागू कर दिया गया है।
हाथरस में भी महिलाओं ने निकाला मशाल जुलूस
इसी तरह हाथरस में भी महिला आरक्षण विधेयक पारित न होने के विरोध में महिलाओं ने मशाल जुलूस निकाला। शनिवार को भाजपा की तमाम महिलाओं ने मेफेयर होटल सासनी गेट से मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने वाले विपक्षी दलों के खिलाफ़ अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा की जिला मंत्री संध्या आर्य ने कहा की विपक्षी दलों ने संसद में महिला आरक्षण का विरोध कर देश की आधी आबादी का अपमान किया है आने वाले चुनाव में विपक्षी दलों को महिलाएं इसका जवाब देंगी। भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सुनीता वर्मा ने कहा की भाजपा सरकार ने देश के प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण विधेयक लाकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। नगर अध्यक्ष सोनिया नारंग ने कहा की देश की करोड़ों महिलाएं राजनीति में भागीदारी के लिए महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करती हैंइस अवसर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा कहा ने कि महिला आरक्षण विधेयक पारित कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार संकल्पित है।
इस रास्ते से जा सकेंगे वाहन
| लालबत्ती चौराहा से कटाईपुल चौराहा, शहीदपथ, कमता तिराहा होकर जाएंगे वाहन |
| केकेसी तिराहा, बर्लिंगटन चौराहा, कैसरबाग चौराहा की ओर से जाया जा सकेगा |
| पार्क रोड से सिकन्दरबाग चौराहा, चिरैयाझील चौराहा की ओर से होकर जा सकेंगे |
| समतामूलक चौराहा से ग्रीन कॉरिडोर होकर डालीगंज चौराहा होते हुए वाहन जाएंगे |
| ग्रीन कारिडोर, डालीगंज चौराहा, सीडीआरआई तिराहा होते हुए कैसरबाग व चारबाग जा सकेंगे |
| बन्दरियाबाग, गोल्फ क्लब चौराहा, 1090 चौराहा व समतामूलक चौराहे से वाहन जाएंगे |
| रोडवेज और सिटी बसें इस रास्ते जाएंगी |
| रोडवेज व सिटी बसें सुशीला स्मृतिका, ग्रीन कारिडोर होकर डालीगंज चौराहा, सीडीआरआई तिराहा होते हुए कैसरबाग व चारबाग को जा सकेंगी |
| रोडवेज व सिटी बसें लोको चौराहा, कैंट, कटाईपुल चौराहा होकर गोमतीनगर, सुशांत गोल्फ सिटी की ओर जा सकेंगी |
| रोडवेज व सिटी बसें समतामूलक चौराहा, ग्रीन कारिडोर से डालीगंज चौराहा, सीडीआरआई तिराहा होते हुए कैसरबाग, चारबाग व चौक को जा सकेंगी |




साइन इन