स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर FIR दर्ज करने के साथ ही ऐक्शन में आई पुलिस, वाकयुद्ध जारी
माघ मेला 2026 में मौनी अमावस्या स्नान पर्व के दिन संगम में काफिले के साथ स्नान करने जाते समय अविमुक्तेश्वरानंद को घंटों रोका गया था। उनके शिष्यों के साथ पुलिस की हाथापाई और नोकझोंक का वीडियो भी खूब वायरल हुआ था। इसके विरोध में कई दिनों तक अविमुक्तेश्वरानंद धरने पर बैठे रहे।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ यौन शोषण का मुकदमा दर्ज होने के साथ ही पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने जहां शनिवार देर रात कोर्ट के आदेश पर नामजद एफआईआर दर्ज की, वहीं दूसरे दिन रविवार को शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी से मुलाकात कर महत्वपूर्ण जानकारी लेते हुए साक्ष्य संकलन किया। पुलिस की तत्परता को देखते हुए जल्द ही अविमुक्तेश्वरानंद के कानूनी शिकंजे में आने की आशंका बढ़ गई है। उधर, सोशल मीडिया पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और आशुतोष ब्रह्मचारी के बीच वाकयुद्ध जारी है।
माघ मेला 2026 में मौनी अमावस्या स्नान पर्व के दिन संगम में काफिले के साथ स्नान करने जाते समय अविमुक्तेश्वरानंद को घंटों रोका गया था। इस दौरान उनके शिष्यों के साथ पुलिस की हाथापाई और नोकझोंक का वीडियो भी खूब वायरल हुआ था। इसके विरोध में कई दिनों तक अविमुक्तेश्वरानंद धरने पर बैठे रहे। उधर, आशुतोष ब्रह्मचारी ने मौनी अमावस्या के दिन ही अविमुक्तेश्वरानंद व उनके शिष्यों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए झूंसी थाने में तहरीर दी थी। उस वक्त से चला आ रहा विवाद लगातार जारी है।
माघ मेला के आखिरी दिनों में आशुतोष ब्रह्मचारी ने अविमुक्तेश्वरानंद और उसके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी समेत अन्य पर नाबालिग बटुकों का यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में याचिका दायर की। यहां तक कि कथित यौन शोषण के पीड़ित बटुकों का बयान तक दर्ज कराया। कोर्ट के आदेश पर झूंसी थाने में बीएनएस की धारा 351(3) और लैंगिक अपराधों की विभिन्न धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के साथ ही विवेचना भी शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर जारी है वाकयुद्ध
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर अविमुक्तेश्वरानंद और आशुतोष ब्रह्मचारी के बीच वाकयुद्ध जारी है। दोनों एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते दिखते हैं। साथ ही एक दूसरे को गलत साबित करने का दावा भी किया जाता रहा है। अब अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ यौन शोषण का मुकदमा दर्ज होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रिया आने लगी है।




साइन इन