police intensified action in sambhal violence case after sending 49 to jail now door to door verification संभल हिंसा मामले में पुलिस ने तेज की कार्रवाई, 49 को जेल भेजने के बाद अब घर-घर सत्‍यापन, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

संभल हिंसा मामले में पुलिस ने तेज की कार्रवाई, 49 को जेल भेजने के बाद अब घर-घर सत्‍यापन

  • संभल हिंसा के बाद से ही मस्जिद क्षेत्र में तमाम घरों पर ताले लटके हुए मिले थे। इनमें से कुछ अब भी बंद हैं। पुलिस इन घरों का सत्यापन कर रही है। यह जानने की कोशिश कर रही है कि इन घरों में रहने वाले परिवारों में कितने सदस्य हैं, पुरुष, महिलाएं और बच्चों की संख्या कितनी है और कितने सदस्य बाहर रहते हैं।

Wed, 25 Dec 2024 08:25 PMAjay Singh हिन्दुस्तान, संवाददाता, संभल
share
संभल हिंसा मामले में पुलिस ने तेज की कार्रवाई, 49 को जेल भेजने के बाद अब घर-घर सत्‍यापन

Search for the miscreants of Sambhal violence: संभल के शाही जामा मस्जिद क्षेत्र में 24 नवंबर को हुई हिंसा के मामले में पुलिस कार्रवाई तेज कर दी है। हिंसा के दौरान हुए पथराव और फायरिंग में चार युवकों की मौत हो गई थी, जबकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों समेत 29 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस अब तक 49 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि 91 और उपद्रवियों की पहचान हो चुकी है। बाकी उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने व्यापक अभियान छेड़ दिया है।

हिंसा के बाद से ही मस्जिद क्षेत्र में तमाम घरों पर ताले लटके हुए मिले थे। इनमें से कुछ अब भी बंद हैं। पुलिस इन घरों का सत्यापन कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि इन घरों में रहने वाले परिवारों में कितने सदस्य हैं, पुरुष, महिलाएं और बच्चों की संख्या कितनी है और कितने सदस्य बाहर रहते हैं। इसके साथ ही यह भी जांच हो रही है कि हिंसा वाले दिन घरों में कौन-कौन मौजूद था। पुलिस टीम क्षेत्र में सक्रियता से हिंसा में शामिल हर उपद्रवी को चिन्हित करने में जुटी है। घर-घर जाकर जानकारी जुटा रही है।

पुलिस का कहना है कि उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों से भी जानकारी साझा करने की अपील की गई है। पुलिस बार बार साफ कर चुकी है कि हिंसा में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में पुलिस की कड़ी निगरानी है। स्थानीय प्रशासन ने भी क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने के लिए लोगों से शांति की अपील की है।

हिंसा के बाद प्रभावित क्षेत्र में जनजीवन सामान्य हो गया है, लेकिन पुलिस की जांच और सत्यापन प्रक्रिया जारी है। एएसपी श्रीश्चंद्र ने बताया कि साक्ष्य संकलन कर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। 91 और उपद्रवियों की पहचान हुई है, उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।