साइबर सेल टीम ने बरामद किए 25 लाख रुपये के खोए हुए 206 मोबाइल
Pilibhit News - पीलीभीत में 206 खोए हुए मोबाइल फोन स्वामियों को वापस किए गए। एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने साइबर सेल टीम की सराहना की, जिसने 24 लाख रुपये से अधिक के मोबाइल सेट बरामद किए। मोबाइल लौटाते समय लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने एसपी और टीम को धन्यवाद दिया।

पीलीभीत। खो चुके या गिर चुके मोबइलों के मिलने की आस खो चुके 206 मोबाइल स्वामियों के मोबाइल जब एसपी ने सौंपे तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल को वापस पाकर लोगों ने एसपी और मोबाइल बरामद करने वाली टीम को धन्यवाद दिया। मोबाइल पाने वालों में व्यापारी, नेता और अधिवक्ता भी शामिल हैं। एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने खोए हुए अथवा गिरने से गायब हुए मोबाइल सेट की बरामदगी के लिए टीम को लगाया था। साइबर सेल की टीम ने 206 मल्टी मीडिया मोबाइल सेट बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 24 लाख 39 हजार पांच सौ 50 रुपये बताई जा रही है।
सोमवार को एसपी सुकीर्ति माधव और सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल ने पुलिस लाइन में मोबाइल सेट के स्वामियों को बुलाया जहां उन्हें उनके मोबाइल सुपुर्द किए। अपने मोबाइल वापस पाकर उनके चेहरे खिल गए। इसके लिए एसपी ने प्रभारी साइबर सेल टीम क्रांतिवीर सिंह और उनकी टीम की सराहना की। यह मोबाइल काफी समय से गायब थे। इनकी तलाश में साइबर सेल की टीम लगी हुई थी। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि सीआईआर पोर्टल की मदद से मोबाइल बरामद किए गए हैं। सत्यापन के बाद मोबाइल उनके मालिक को लौटाया गया है। उन्होंने बताया कि अगर किसी का मोबाइल फोन खो या चोरी हो जाए तो सीआईआर पोर्टल पर जाकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। अगर किसी तरह की समस्या आती है तो साइबर सेल में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद साइबर टीम मोबाइल की बरामदगी के प्रयास में लग जाती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन