patni ki jid ke aage haara ek aur pati premi ke sath rangehath pakada phir usi ke sath kiya vida पत्नी की जिद के आगे हारा एक और पति, प्रेमी के साथ रंगेहाथ पकड़ा, फिर उसी के साथ किया विदा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पत्नी की जिद के आगे हारा एक और पति, प्रेमी के साथ रंगेहाथ पकड़ा, फिर उसी के साथ किया विदा

यूपी के महाराजगंज में पति-पत्नी और वो का एक और मामला सामने आया है। पति ने पत्नी को उसके प्रेमी के साथ घर में ही रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ जुटी और मामला पुलिस तक पहुंचा। महिला प्रेमी संग ही रहने पर अड़ गई। पत्नी की जिद के आगे पति लाचार हो गया और उसे प्रेमी के साथ जाने की इजाजत दे दी।

Tue, 20 May 2025 08:04 PMYogesh Yadav झनझनपुर/चौक बाजार (महराजगंज), हिन्दुस्तान टीम
share
पत्नी की जिद के आगे हारा एक और पति, प्रेमी के साथ रंगेहाथ पकड़ा, फिर उसी के साथ किया विदा

महराजगंज जिले के चौक थाना क्षेत्र में एक शख्स ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ पकड़ लिया। आसपास के लोगों की भीड़ जुटी और पुलिस दोनों को थाने लेकर चली गई। तीन बच्चों की मां थाने में अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। लाचार पति पत्नी की जिद के आगे मजबूर हो गया। दिल पर पत्थर रखकर बच्चों को अपने पास रख लिया और पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने दिया। इस दौरान मौजूद बच्चे अपनी मां को किसी और के साथ जाते देख बिलख पड़े तो लोगों की आंखों से भी आंसू गिरने लगे।

बताया जा रहा है कि महिला का पति कुछ दिन पहले बाहर से अपने घर लौटा था। उसे नहीं पता था कि पत्नी का कहीं चक्कर चल रहा है। सोमवार की रात पति गर्मी और उमस के कारण छत पर सोने चला गया। इधर महिला ने अपने प्रेमी को कमरे में बुला लिया। इस बीच किसी भारी चीज के गिरने की आवाज सुनाई दी तो परिजन जग गए। पति भी नीचे आ गया और कमरे का दरवाजा खोला तो दोनों को एक साथ देख दंग रह गया। हंगामा शुरू हो गया और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस सभी को थाने लेकर चली गई। वहां दोनों के परिजनों ने सुलह-समझौते की बात कही, लेकिन महिला ने प्रेमी से अलग होने की बात स्वीकार नहीं की। वह प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ गई। इस पर लाचार हो गए पति ने बच्चों को अपने पास रोक लिया और महिला को प्रेमी संग जाने दिया। इस बाबत थानाध्यक्ष रामचरन सरोज ने बताया कि प्रेमी युगल बालिग हैं। दोनों के परिजनों की सहमति से महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई।

मां से बिछड़ रोने लगे बच्चे तो भर आईं आंखें

जब महिला अपने प्रेमी के संग जाने लगी तो चार, छह और आठ वर्ष के उसके तीनों बच्चे दहाड़ें मार रोने लगे। यह देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भर आईं, लेकिन महिला ने अपना फैसला नहीं बदला।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।