Passenger beaten up in Vande Bharat train on Jhansi railway station BJP MLA supporters accused झांसी में वंदे भारत ट्रेन में यात्री को जमकर पीटा, नाक फ्रैक्चर, भाजपा विधायक के समर्थकों पर आरोप, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

झांसी में वंदे भारत ट्रेन में यात्री को जमकर पीटा, नाक फ्रैक्चर, भाजपा विधायक के समर्थकों पर आरोप

यूपी के झांसी में वंदे भारत ट्रेन में यात्री से मारपीट की खबर सामने आई है। यात्री की इतनी बुरी तरह से पिटाई की गई कि उसकी नाक में फ्रैक्चर हो गया। खून भी बहने लगा। पीड़ित ने बीजेपी विधायक के समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है।

Fri, 20 June 2025 07:34 AMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
झांसी में वंदे भारत ट्रेन में यात्री को जमकर पीटा, नाक फ्रैक्चर, भाजपा विधायक के समर्थकों पर आरोप

यूपी के झांसी स्टेशन पर दिल्ली से भोपाल आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस के एग्जीक्यूटिव कोच में यात्री के साथ झांसी स्टेशन पर मारपीट की गई। पिटाई से यात्री की नाक में फ्रैक्चर हो गया। खून भी बहने लगा। आरोप है कि दिल्ली से सवार हुए यूपी के बबीना विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक राजीव सिंह पारीछा का उनसे सीट को लेकर विवाद हुआ था। इसकी सूचना पर स्टेशन पहुंचे विधायक के सात-आठ समर्थकों ने यात्री से मारपीट की। पीड़ित के आरोप लगाने के बाद विधायक की ओर से भी जीआरपी थाने में तहरीर देने की बात सामने रही है। इस मामले को लेकर मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने सोशल साइट एक्स पर रेलमंत्री को टैग करते हुए मामले से अवगत कराया है। पूर्व मंत्री ने लिखा हैं कि जब एग्जीक्यूटिव कोच में, ये हाल हैं तो आम यात्रियों का क्या होगा?

बताया जा रहा कि बबीना विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक राजीव सिंह पारीछा वंदे भारत के एक्सप्रेस के ई-2 में परिवार के साथ दिल्ली से सवार हुए थे। विधायक राजीव सिंह पारीछा का सीट नंबर आठ था, जबकि पत्नी का 50 और बेटे का 51 नंबर था। यात्रियों के मुताबिक 49 नंबर सीट पर विडो साइड की ओर राजप्रकाश नाम के यात्री बैठे थे। भाजपा विधायक ने उनसे अपनी सीट बदलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। ट्रेन जैसे ही झांसी स्टेशन पहुंची, सात से आठ लोग कोच में घुस आए और राजप्रकाश से मारपीट करने लगे। आरोप है कि लात-घूंसों के साथ ही चप्पलों से भी मारा। बताया जा रहा कि इतनी बुरी तरह से पीटा कि उनकी नाक में फ्रैक्चर हो गया। खून भी बहने लगा था।

पूर्व मंत्री ने रेल मंत्री से इस मामले में ध्यान देने का आग्रह किया

मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री रामनिवास रावत भी ट्रेन में सवार थे। उन्होंने एक्स पर इस घटना के बारे में लिखा है। साथ ही कहा कि वंदे भारत जैसी ट्रेनों में यह हाल है तो आम ट्रेनों में यात्रियों के साथ क्या होगा। उन्होंने रेल मंत्री अश्वणी वैष्णव से इस मामले में ध्यान देने का आग्रह किया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।