Panchayat elections Amazing preparations The bride's name appears on the voter list even before the wedding यूपी पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में गजब मामला पकड़ाया, एसडीएम बोले- जघन्य अपराध, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में गजब मामला पकड़ाया, एसडीएम बोले- जघन्य अपराध

यूपी के सुलतानपुर में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच वोटर लिस्ट में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने निर्वाचन विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसडीएम ने इसे जघन्य अपराध बताया है।

Tue, 3 Feb 2026 11:33 AMYogesh Yadav भारतेंदु मिश्रा सुलतानपुर
share
यूपी पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में गजब मामला पकड़ाया, एसडीएम बोले- जघन्य अपराध

उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां चल रही हैं। वोटर लिस्ट दुरुस्त की जा रही है। इसे लेकर गांवों में चुनावी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इस बीच सुलतानपुर के मोतिगरपुर ब्लॉक क्षेत्र में वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़े का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर अधिकारी भी हैरान हैं। शादी से पहले ही पत्नी के रूप में दुल्हन का नाम ससुराल की वोटर लिस्ट में शामिल हो गया है। ऐसे एक नहीं दो मामले सामने लाते हुए शिकायत की गई है। एसडीएम ने शिकायतों को देखने के बाद इसे जघन्य अपराध करार दिया और जांच के आदेश दे दिए हैं।

शादी 5 फरवरी को, लेकिन वोटर लिस्ट में पत्नी

मामला जयसिंहपुर तहसील के मैरी रंजीत गांव का है। यहां के निवासी उमेश सिंह ने एसडीएम को एक प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाया है। उमेश ने सबूत के तौर पर शादी का कार्ड पेश करते हुए बताया कि मतदाता सूची की क्रमांक संख्या 1268 (मकान संख्या 154) पर संजना सिंह का नाम पत्नी सचिन सिंह के रूप में अंकित किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि संजना और सचिन की शादी अभी हुई ही नहीं है। शादी के कार्ड के अनुसार, इनका विवाह 5 फरवरी 2026 को होना तय है। यानी शादी से पहले ही सरकारी कागजों में दुल्हन को ससुराल की मतदाता सूची में जगह मिल गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:केंद्र के बाद यूपी के बजट की तैयारी, इन बातों पर रहेगा योगी सरकार का जोर

एक नहीं, दो-दो मामले आए सामने

शिकायतकर्ता ने केवल एक नहीं, बल्कि ऐसे दो मामलों का खुलासा किया है। सूची की क्रमांक संख्या 918 पर कृतिका सिंह का नाम पत्नी अनुराग सिंह के रूप में दर्ज है, जबकि इनकी शादी भी अभी फरवरी माह में होनी है। इसके अलावा बीएलओ पर आरोप है कि उन्होंने उन युवाओं के नाम भी सूची में जोड़ दिए हैं, जिनकी उम्र 1 जनवरी 2026 को भी 18 वर्ष पूरी नहीं हो रही थी। नियमों को ताक पर रखकर की गई इस मनमानी ने चुनावी पारदर्शिता पर सवालिया निशान लगा दिया है।

प्रशासन सख्त, जांच के आदेश

इस फर्जीवाड़े की शिकायत मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। एसडीएम जयसिंहपुर प्रभात कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे 'जघन्य अपराध' बता दिया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के साथ इस तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम ने तुरंत जांच के आदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि बीएलओ या जिस भी कर्मचारी की इसमें संलिप्तता पाई जाएगी, उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

चुनावी रंजिश और वोट बैंक का खेल

स्थानीय लोगों का मानना है कि पंचायत चुनाव में एक-एक वोट की कीमत होती है, इसलिए भावी उम्मीदवार और उनके समर्थक बीएलओ से सांठगांठ कर पहले ही 'फर्जी वोट' तैयार करवा लेते हैं। बाहरी लड़कियों को शादी से पहले ही गांव का वोटर बना देना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।