यूपी पंचायत चुनाव को लेकर ओपी राजभर ने कर दी बड़ी घोषणा, सपा-बसपा पर साधा निशाना
2026 में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बड़ी घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा, आगामी पंचायत चुनाव सुभासपा अपने दम पर लड़ेगी।

यूपी में 2026 में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बड़ी घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा, आगामी पंचायत चुनाव सुभासपा अपने दम पर लड़ेगी, जबकि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ गठबंधन में लड़ा जाएगा। इस दौरान राजभर ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने मुस्लिम समाज से वोट लेकर उन्हें ठगने का काम किया है। आरोप लगाया कि आज तक किसी भी मुस्लिम को मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया, जबकि इन दलों ने उन्हें केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया।
रविवार को कैलसा रोड स्थित एक निजी संस्थान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सुभासपा का लक्ष्य सभी वर्गों को समान शिक्षा का अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि गरीब का बच्चा “क से कबूतर” नहीं, बल्कि “क से कंप्यूटर” पढ़े, इसके लिए पार्टी प्रयासरत है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जिस तरह मोबाइल बिना रिचार्ज के नहीं चलता, उसी तरह बच्चों को शिक्षा से वंचित न रखें और शिक्षा में किसी भी प्रकार का भेदभाव न होने दें।
राजभर ने सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। उन्होंने दावा किया कि 20 प्रतिशत आबादी होने के बावजूद मुस्लिम समाज से कोई मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया, जबकि कम जनसंख्या वाले वर्गों के नेता सत्ता में पहुंचे। उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश और प्रदेश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के पंचायत राज विभाग की एक योजना के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत से 25 पात्र लोगों का चयन कर उन्हें निशुल्क आवास, राशन, शौचालय और पेयजल की सुविधा दी जाएगी। साथ ही, उन्हें बिना ब्याज 1.5 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से मजबूत किया जाएगा। राजभर ने कहा कि सुभासपा का उद्देश्य गरीब, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों को उनके अधिकार दिलाकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
वोट की ताकत पहचानें मतदाता, लालच में न बेचें : राजभर
कैलसा। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मतदाताओं से अपने वोट की ताकत पहचानने और शराब या पैसे के लालच में उसे न बेचने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश के नागरिकों को वोट का अधिकार दिया, जिससे विधायक, सांसद और मंत्री चुने जाते हैं और इसी के जरिए शिक्षा, नौकरी, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे अधिकार सुनिश्चित होते हैं। राजभर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी की शुरुआत कांग्रेस ने की थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन कांग्रेस की ही देन है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था की सराहना की। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें एक बेहतर नेता बनने में अभी और समय लगेगा।




साइन इन