Now audio guide in Kashi Vishwanath temple Yogi inaugurated it all information available on mobile काशी विश्वनाथ मंदिर में अब ऑडियो गाइड, योगी ने किया शुभारंभ, मोबाइल पर हर जानकारी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

काशी विश्वनाथ मंदिर में अब ऑडियो गाइड, योगी ने किया शुभारंभ, मोबाइल पर हर जानकारी

काशी विश्वनाथ मंदिर और कॉरिडोर में स्थित अन्य मंदिरों के बारे में जानकारी अब ऑडियो गाइड से ले सकते हैं। इसका शुभारंभ वाराणसी पहुंचे सीएम योगी ने किया।

Tue, 17 June 2025 03:26 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
काशी विश्वनाथ मंदिर में अब ऑडियो गाइड, योगी ने किया शुभारंभ, मोबाइल पर हर जानकारी

काशी विश्वनाथ मंदिर में अब ऑडियो गाइड की सुविधा भी शुरू हो गई है। वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वनाथ धाम में इस नई सुविधा का शुभारंभ किया। इस ऑडियो गाइड से आम लोग बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह के साथ ही यहां के 23 मंदिरों के बारे में विस्तार से जानकारी ले सकते हैं। इसका इस्तेमाल करने के लिए श्रद्धालुओं को बस अपने मोबाइल का कैमरा ऑन करके बारकोड को स्कैन करना है। इसके बाद ऑडियो आपको उस मंदिर के बारे में पूरी जानकारी देने लगेगा।

नई सुविधा का शुभारंभ करते हुए सीएम योगी ने भी टैबलेट से बारकोड को स्कैन किया और मंदिर की जानकारी को सुना। उन्होंने कहा कि यह सुविधा अच्छी है आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर के बारे में सही और ठीक जानकारी मिलेगी।

मंदिर के सीईओ विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि इस सुविधा का लाभ धाम आने वाले श्रद्धालु उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसमें मंदिर परिषद में स्थित मंदिरों की जानकारी के साथ-साथ काशी का मैप, धाम में आयोजित होने वाले आयोजनों की तिथि, लॉकर, पार्किंग और दान के ऑप्शन दिए गए हैं श्रद्धालु एक ही एप पर हर सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी के कोतवाल काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में षोडशोपचार पूजन कर लोक कल्य़ाण की कामना की।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी सरकार इस जिले को बना रही इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण का हब, ईवी पार्क बनेगा

विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा के बाद मोहनसराय-कैंट के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण तथा वाराणसी-प्रयागराज रेल खण्ड पर हरदत्तपुर- राजातालाब के मध्य सम्पार सं0 10ए/स्पेशल किमी0 219/8-9 में मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग पर 4222.20 लाख की लागत से बन रहे रेल उपरिगामी सेतु का भी स्थलीय निरीक्षण किया। मोहनसराय दीनदयाल उपाध्याय नगर चकिया मार्ग के मध्य सर्विस लेन के साथ 6 लेन तथा मोहनसराय से कैंट तक 4 लेन का 41253.32 लाख की लागत से 11.80 किमी. लम्बाई के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य लगभग 89 फीसदी पूर्ण हो चुके इस कार्य को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर इसी साल अगस्त तक कार्य पूर्ण कराए जाने हेतु पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को निर्देशित किया।

बताते चलें कि इस मार्ग पर यातायात घनत्व अधिक होने के कारण प्रायः दिन में एव रात्रि में भारी वाहनों के आवागमन से रात्रि में जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे बीएचयू अस्पताल, रेलवे व बस स्टेशन आदि स्थानों को जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह मार्ग कॉवरिया पथ होने के कारण श्रावण मास में एक महीने के लिए बन्द कर यातायात को डाइवर्ट कर दिया जाता है, जिससे शहर में आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

मार्ग के दोनो तरफ सर्विस लेन बन जाने से मार्ग के मुख्य भाग में यातायात बन्द करने की आवश्यकता नही पड़ेगी, जिससे यातायात सुचारू एवं सुगम हो सकेगा। गौरतलब हैं कि वर्षाकाल में मार्ग के दोनो तरफ जल जमाव हो जाता है, जिससे यातायात बाधित हो जाता है एवं दुर्घटना की आशंका प्रायः बनी रहती है। विभिन्न विभागों द्वारा बिजली दूरसंचार की केबिल्स एवं अन्य कार्यों हेतु प्रायः रोड कटिंग की जाती है, जिससे मार्ग बार-बार क्षतिग्रस्त एवं यातायात बाधित हो जाता है जिसके लिए मार्ग के दोनो तरफ यूटिलिटी डक्ट का निर्माण किया जा रहा है।

मार्ग पर चौराहों का विस्तारीकरण एंव जंशन सुधार का कार्य तथा मीडियन पर स्ट्रीट लाइट का कार्य एवं फुटपाथ एवं फुटपाथ लाइट का कार्य प्राविधानित है। इसके साथ रोड सेफ्टी का कार्य भी कराया जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सारनाथ होने के कारण देश विदेश से पर्यटनों का आवागमन एवं अति विशिष्ट जनों का आवागमन जनपद में बना रहता है। निश्चित रूप से इस परियोजना के पूर्ण होने से यातायात सुचारू एवं सुगम होगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।