सांसद, वकील, डॉक्टर; मुलायम सिंह यादव के परिवार में जाति और धर्म का गुलदस्ता हैं बहुएं
अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव की शादी लद्दाख की रहने वालीं सेरिंग से होने जा रही है। वह पेशे से अधिवक्ता हैं। हालांकि यादव परिवार की ज्यादातर बहुएं राजनीति में सक्रिय हैं। आइए जानते हैं, मुलायम परिवार की बहुएं कौन-कौन हैं?

मुलायम सिंह यादव परिवार में एक नया सदस्य शामिल होने जा रहा है। दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव की शादी लद्दाख की रहने वालीं सेरिंग से हुई है। वह पेशे से अधिवक्ता हैं और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस कर रही हैं। हालांकि यादव परिवार की ज्यादातर बहुएं राजनीति में सक्रिय हैं। सियासत और पब्लिक लाइफ के बीच इस परिवार की बहुएं भी अपनी अलग पहचान रखती हैं। आइए जानते हैं, मुलायम परिवार की बहुएं कौन-कौन हैं?
डिंपल यादव
मुलायम सिंह यादव के बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी सांसद डिंपल यादव आज समाजवादी राजनीति का एक सशक्त चेहरा हैं। डिंपल उत्तराखंड के राजपूत जाति से ताल्लुक रहती हैं। डिंपल यादव और अखिलेश यादव की प्रेम कहानी परिवारों की नाराजगी और सामाजिक बाधाओं के बावजूद शादी तक पहुंची। 17 साल की डिंपल और 21 साल के अखिलेश की पहली मुलाकात एक पार्टी में हुई, जिसके बाद पत्रों के जरिए शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदल गई। चार साल तक डेट करने के बाद जब बात शादी तक पहुंची तो दोनों परिवार राजी नहीं थे, लेकिन अखिलेश की जिद के आगे अंततः अनुमति मिल गई। इसके बाद 24 नवंबर 1999 को दोनों ने विवाह कर लिया।

अपर्णा यादव
मुलायम सिंह यादव के दूसरे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव हैं। अपर्णा यादव का तालुल्क भी ठाकुर परिवार से है। वह मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली हैं और उनकी शिक्षा-दीक्षा भी यहीं हुई है। उन्होंने राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर किया है और अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर भी पढ़ाई की है। अपर्णा के पिता अरविंद सिंह बिष्ट एक मीडिया कंपनी में कार्यरत थे। इसके अलावा सपा सरकार सूचना आयुक्त भी रह चुके हैं। दिसंबर 2011 में प्रतीक यादव के साथ उनकी शादी हुई।

नीलम यादव
मुलायम सिंह यादव के भाई अभय राम के बेटे और अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव की शादी साल 2010 में नीलम यादव के साथ हुई थी। नीलम यादव राजनीति से दूर रहती हैं। 2024 लोकसभा चुनाव में दिए हलफनामे के अनुसार नीलम के पास करीब 5 करोड़ की संपत्ति है।

राजलक्ष्मी यादव
मुलायम सिंह यादव के बड़े भाई रतन सिंह के बेटे रणबीर सिंह के बेटे तेज प्रताप यादव हैं। तेज प्रताप की शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सबसे छोटी बेटी राज लक्ष्मी यादव के साथ हुई है। राजलक्ष्मी ने एमबीबीएस की पढ़ाई की है। साल 2015 में राजलक्ष्मी और तेज प्रताप यादव की शादी हुई थी। दोनों के दो बच्चें भी हैं।

रिचा यादव
मुलायम सिंह यादव के भाई रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव की शादी डॉक्टर रिचा यादव से हुई है। साल 2010 में अक्षय यादव और रिचा की शादी हुई थी। रिचा यादव ने एमबीबीएस की पढ़ाई के बाद मेडिकल प्रैक्टिस शुरू कर दी। रिचा राजनीति से दूर रहती हैं। हालांकि कई कार्यक्रमों में वह पति के साथ नजर आ चुकी हैं।

राजलक्ष्मी सिंह यादव
अखिलेश यादव के चचेरे भाई और शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव की शादी राजलक्ष्मी सिंह यादव से हुई है। साल 2016 में दोनों शादी के बंधन में बधे। राजलक्ष्मी का संबंध राजघाने से है। उनकी मां राजपूताना मैहर स्टेट की राजकुमारी रही हैं। राजलक्ष्मी के नाना राजा कुंवर नारायण सिंह जूदेव तीन बार के विधायक रह चुके हैं। मैहर के प्रसिद्ध शारदा देवी के मंदिर का जीर्णोद्धार राजलक्ष्मी के परिवार ने ही कराया था।





साइन इन