mp ziaurrahman burke total units of electricity spent on two connections at in one year bijli bill of this amount सपा के संभल वाले सांसद के घर का बिजली बिल बीपीएल से भी कम, वायरल हो रही पर्ची, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

सपा के संभल वाले सांसद के घर का बिजली बिल बीपीएल से भी कम, वायरल हो रही पर्ची

  • सांसद ने अपने 2 किलोवाट के बिजली कनेक्शन पर एक साल में मात्र 188 यूनिट खर्च की हैं। जिसका बिल 3638 रुपये आया। वहीं, उनके दादा पूर्व सांसद डा. बर्क के नाम से चल रहे दो किलोवाट कनेक्शन पर वर्ष भर में 1211 यूनिट बिजली खर्च हुई। जिसका बिल 10725 आया।

Wed, 18 Dec 2024 10:51 AMAjay Singh हिन्दुस्तान, हिन्‍दुस्‍तान, संभल
share
सपा के संभल वाले सांसद के घर का बिजली बिल बीपीएल से भी कम, वायरल हो रही पर्ची

संभल में बिजली विभाग बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए अभियान चला रहा है। मंगलवार को फोर्स के साथ पहुंची अधिकारियों की टीम ने समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के आवास पर स्मार्ट मीटर लगाया। भारी पुलिस फोर्स की मौजूगी में सांसद के मकान पर बिजली विभाग की टीम ने आर्म्ड केबिल के साथ कुल चार किलोवाट के दो अलग-अलग स्मार्ट मीटर लगाए। सांसद के घर बिजली के दो कनेक्शन हैं, जिनमें से एक कनेक्शन सांसद जियाउर्रहमान बर्क और दूसरा कनेक्शन उनके दादा पूर्व सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क के नाम पर है। सांसद के घर कम बिजली खपत को लेकर सोशल मीडिया में एक पर्ची वायरल हो रही है जिसकी पुष्टि 'लाइव हिन्‍दुस्‍तान' नहीं करता है।

मिली जानकारी के अनुसार सांसद ने अपने दो किलोवाट के कनेक्शन पर एक साल में मात्र 188 यूनिट खर्च की है। जिसका बिल 3638 रुपये आया। वहीं, उनके दादा पूर्व सांसद डा. बर्क के नाम से चल रहे दो किलोवाट कनेक्शन पर वर्ष भर में 1211 यूनिट बिजली खर्च हुई। जिसका बिल 10725 आया। दादा डा. बर्क के कनेक्शन पर दिसंबर 2023 से जून 2024 तक और सांसद बर्क के कनेक्शन पर जुलाई से नवंबर 2024 तक शून्य यूनिट बिल आया। सांसद के घर कनेक्‍शन पर बिजली विभाग ने 231 रुपये महीने के हिसाब से बिल दिया। दोनों कनेक्शनों का कुल वार्षिक बिल 14,363 रुपये आया है। जबकि सांसद के पड़ोसी, एक बीपीएल कनेक्शन धारक ने अपने एक किलोवाट कनेक्शन पर 1693 यूनिट खर्च की। जिसका 12,423 रुपये का बिल आया है। इसका दिसंबर में शून्य यूनिट खर्च हुई। इस बारे में सांसद जियाउर्रहमान बर्क से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे वार्ता नहीं हो पाई।

 जियाउर्रहमान के घर के बिजली बिल की वायरल हो रही कथित पर्ची। लाइव हिन्‍दुस्‍तान इसकी पुष्टि नहीं करता है।

बिजली खपत का सच पता लगाएगा विभाग

अधिकारियों का कहना है कि बिजली विभाग द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के मकान पर लगे पुराने मीटरों की जांच से बिजली खपत का सच सामने आएगा। मीटर में दर्ज यूनिट से कहीं ज्यादा बिजली की खपत निकल सकती है। फिलहाल मीटर चेकिंग के लिए भेज दिए गए हैं। अब सांसद के घर पर स्मार्ट मीटर लगा दिए गए हैं।

क्‍या बोले अधिकारी

अधिशासी अभियंता नवीन गौतम ने बताया कि सांसद के घर पर दो कनेक्शन पर लगे उपकरण और उपभोग के अनुसार हर महीने कम से कम छह हजार का बिल आना चाहिए। बिल में इतना बड़ा अंतर देख कर विभाग ने पुराने मीटर को जांच के लिए भेजा है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कहीं मीटरों से छेड़छाड़ तो नहीं की गई है। स्मार्ट मीटर में अब यह चेक किया जाएगा कि दोनों कनेक्शनों की खपत में इतनी असमानता क्यों है। सांसद के कनेक्शन पर पांच महीने व दादा के कनेक्शन पर सात महीने शून्य यूनिट दर्ज की गई है।

फोर्स लेकर पहुंचने पर जताई आपत्ति

सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर स्मार्ट मीटर लगाने के लिए लगाने के लिए मंगलवार को एएसपी श्रीश्चंद्र पुलिस, पीएसी, आरआरएफ और आरएएफ को लेकर पहुंचे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सांसद के घर पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य किया गया। सांसद के पिता मौलाना ममलूकुर्रहमान बर्क ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि मीटर बदलने के लिए अधिकारी इतनी फोर्स लेकर क्यों पहुंचे हैं। इतनी फोर्स लेकर मीटर बदलने का काम होगा, तो लोगों पर गलत असर पड़ेगा। प्रशासन शहर में अमन कायम रखना चाहता है, तो दंगा के दौरान अज्ञात में जिन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है, उनकी गिरफ्तारी बंद होनी चाहिए।

उन्‍होंने कहा कि खग्गू सराय में रहने वाले हिंदू परिवार खुद अपनी मर्जी से मकान बेचकर गए थे, किसी के डर से पलायन नहीं किया। अगर किसी को डर लग रहा है तो उसका जिम्मेदार मैं तो नहीं हूं। वह मंदिर को जिस हालत में छोड़कर गए थे, आज भी उसी हालत में है। नहीं तो मुसलमानों ने उस पर कब्जा किया और न ही तोड़ा। प्रशासन शहर में मुख्यमंत्री के इशारे पर कार्रवाई कर रहा है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।