चार बच्चों की मां ने चार बच्चों के पिता के साथ रचाई शादी, गांव पहुंचते ही हंगामा, महापंचायत
यूपी में चार बच्चों की मां और चार बच्चों के पिता ने आपस में शादी कर ली है। हैरानी की बात यह है कि शादी करने वाले जोड़े का पहले से भरापूरा परिवार है। युवक की पत्नी और महिला का पत्नी भी है। शादी को लेकर गांव में हंगामा मच गया है। महापंचायत भी बुलाई गई।

यूपी के सोनभद्र में प्रेम प्रसंग का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चार बच्चों की मां ने चार बच्चों के पिता से शादी कर ली है। खास बात यह है कि दोनों ने अपने बसे-बसाए घर को तोड़ दिया है। महिला के पति और युवक की पत्नी ने इस शादी का विरोध किया है। शादी करके गांव लौटने पर बवाल हो गया। परिजनों की गुहार पर महापंचायत बुला ली गई। महापंचायत में भी दोनों ने साथ रहने का ही फैसला सुना दिया। इसके बाद दोनों को समाज से बहिष्कार का फैसला महापंचायत ने सुना दिया है। मामला विंढमगंज थाना क्षेत्र के धरती डोलवा गांव का है। पुलिस से भी शिकायत की गई लेकिन कानून का हवाला देते हुए कोई कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के झारखंड बॉर्डर पर स्थित दो गांवों के रहने वाले संजय और ललिता के परिवार में चार-चार बच्चे हैं। परिवार को पता भी नहीं चला और दोनों में आंखें लड़ी और प्यार हो गया। छिपछिपकर मिलने के बाद दोनों शादी के लिए गांव से फरार हो गए। दोनों ने किसी मंदिर में शादी की और वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो देखकर महिला के पति ने थाने में युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को बहलाफुसलाकर भगा ले गया है। कहा कि पत्नी के साथ उसकी एक नाबालिक बेटी को भगा ले गया है।
पुलिस एक्टिव हुई और भागकर शादी करने वाले पति-पत्नी को थाने लाई। यहां भी दोनों ने आपसी रजामंदी के साथ रहने की बात कही। इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक ने कानून का हवाला देते हुए स्वेच्छा से उन्हें जाने की इजाजत दे दी।
दोनों गांव पहुंचे तो हंगामा मच गया। समाज के लोगों ने गांव के देवी चबूतरे पर महापंचायत बुला ली। महापंचायत में ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान समेत तमाम लोग पहुंचे। यहां दोनों को बुलाकर अपने-अपने परिवार के साथ रहने को कहा गया। लेकिन दोनों साथ रहने पर ही अड़ गए। इस पर लड़के के परिवार का सामाजिक बहिष्कार के साथ-साथ सामाजिक संबंध तोड़ने का फैसला सुना दिया गया।




साइन इन