MLA health deteriorated during minister meeting and Shyam Bihari Lal passed away day after his birthday जन्मदिन के अगले दिन दुनिया छोड़ गए यूपी के BJP विधायक, बीच मीटिंग में पड़ा हार्ट अटैक, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

जन्मदिन के अगले दिन दुनिया छोड़ गए यूपी के BJP विधायक, बीच मीटिंग में पड़ा हार्ट अटैक

फरीदपुर विधानसभा से भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को निधन हो गया। श्याम बिहारी के अचानक निधन से उनके परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। एक जनवरी को उन्होंने अपना जन्मदिन मनाया था।

Fri, 2 Jan 2026 09:13 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, बरेली
share
जन्मदिन के अगले दिन दुनिया छोड़ गए यूपी के BJP विधायक, बीच मीटिंग में पड़ा हार्ट अटैक

बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा से भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को निधन हो गया। श्याम बिहारी के अचानक निधन से उनके परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। एक जनवरी को उन्होंने अपना जन्मदिन मनाया था और अगले दिन वह दुनिया छोड़कर चले गए। शुक्रवार को भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल होने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी अचानक से तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में दिक्कत होने पर श्याम बिहारी लाल को सर्किट हाउस में लिटा दिया गया। इसके बाद भी जब उन्हें आराम नहीं मिला तो पीलीभीत बाईपास स्थित मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती किया गया। लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों के अनुसार उनको हार्ट अटैक पड़ा था। उनके निधन पर सीएम योगी ने भी दुख जताया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:BJP विधायक श्याम बिहारी का हार्ट अटैक के बाद निधन, अस्पताल में ली अंतिम सांस

एक दिन पहले मनाया था जन्मदिन

1966 में शाहजहांपुर जिले में जन्मे श्याम बिहारी लाल ने एक दिन पहले ही अपना 60वां जन्मदिन मनाया था। वह उच्च शिक्षित राजनेता था। डॉ. श्याम बिहारी लाल बरेली में सुरक्षित फरीदपुर विधानसभा सीट से 2022 में दूसरी बार चुनाव जीतकर विधायक बने थे। विधायक श्याम बिहारी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़कर गए हैं। उनके परिवार में पत्नी मंजू लता, एक बेटा और दो बेटियां हैं। बरेली में मेडिसिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर विमल भारद्धाज ने बताया, श्याम बिहारी लाल को लाया गया तब उनका बीपी पल्स नहीं चल रहा था। हम लोगों ने सीपीआर दिया। करीब एक घंटा इलाज चला। हम उन्हें वेंटिलेटर पर भी ले गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका। श्यामबिहारी लाल का जन्म एक जनवरी 1966 को हुआ था। उन्होंने एम.जे.पी. रोहिलखंड विश्वविद्यालय से इतिहास में पी.एच.डी. की थी। वह रोहिलखंड विश्वविद्यालय में इतिहास के प्रोफेसर थे। वह भारतीय जनता पार्टी से 2017 में पहली बार विधानसभा में पहुंचे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में 12वीं के सभी स्कूल 5 जनवरी तक बंद, सीएम योगी ने अफसरों को दिए निर्देश

श्याम बिहारी लाल का शिक्षा जगत से राजनीति तक का सफर

दो बार के भाजपा विधायक श्याम लाल बिहारी ने अपने करिअर की शुरुआत शिक्षा के क्षेत्र से की थी। वह महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रहे हैं। उन्होंने लंबे समय तक छात्रों को पढ़ाया है। उनके पढ़ाए कई छात्र आज अच्छे पदों पर कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र में काम करने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा था। उनका मानना था कि अगर व्यवस्था को बेहतर बनाना है तो नीति निर्धारण में भागीदारी जरूरी है। विधायक के निधन की खबर पाकर उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके घर पर लोगों का तांता जुट गया है।

विधान सभा अध्यक्ष व दोनों उप मुख्यमंत्रियों ने जताया शोक

बरेली की फरीदपुर सीट से भाजपा विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल के निधन पर विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना व दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने शोक जताया है। उनके अतिरिक्त भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी विधायक के आसमयिक निधन पर दुख जताया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मृतकों के परिवारीजनों के प्रति अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।