यूपी बोर्ड : सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त
Mirzapur News - मिर्जापुर में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होगी। परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए 115 परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 3200 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए डबल लॉक व्यवस्था लागू की गई है।

मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की 18 फरवरी से होने वाली वार्षिक परीक्षा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। नकलविहीन एवं पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने की कवायद के तहत जनपद के 115 परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है। परीक्षा में लगभग 3200 शिक्षकों की बतौर परीक्षक ड्यूटी लगाई जाएगी। परीक्षा की शुचिता के साथ ही प्रश्नपत्रों की सुरक्षा अभेद्य बनाने के लिए अतिरिक्त और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। प्रश्नपत्रों को केंद्र के डबल लॉक में रखा जाएगा। परिषद की व्यवस्था की मुताबिक जिस डबल लॉक में प्रश्नपत्र रखा जाएगा उसकी एक चाबी केंद्र व्यवस्थापक,दूसरी चाबी अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के पास रहेगी।
इसके अतरिक्त डबल लॉक के कमरे की चाबी स्टेटिक मजेस्ट्रेट के पास रहेगी, ताकि प्रश्नपत्रों के लीक होने की गुंजाइश जरा भी रहे। पहले केवल वित्तविहीन विद्यालय के परीक्षा केंद्रों पर राजकीय, सहायता प्राप्त विद्यालयों के अध्यापकों को अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के रूप में नियुक्त किया जाता था, लेकिन वर्तमान में आए बदलाव के साथ संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए अब राजकीय, सहायता प्राप्त विद्यालय परीक्षा केंद्रों पर भी स्टेटिक मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किया गया है। साथ ही पूरे परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करने के लिए लगभग 3200 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इनमें राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त के अलावा बेसिक शिक्षा परिषद के अध्यापकों की भी नियुक्ति की जाएगी। परिषदीय विद्यालय से शिक्षक के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक माया राम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। बेसिक शिक्षक बनेंगे खेवनहार यूपी बोर्ड परीक्षा की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा के इस बार भी खेवनहार बनेंगे। 18 फरवरी से होने वाली परीक्षा के लिए डीआईओएस ने बीएसए से लगभग 1600 शिक्षकों का डिमांड किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन