125 ई-रिक्शों के काफिले के साथ बग्घी पर घूमीं कृष्णा पासवान, प्रथम आगमन पर राज्यमंत्री का जोरदार स्वागत
फतेहपुर में बग्घी पर सवार होकर करीब सवा सौ ई-रिक्शों के काफिले के साथ राज्यमंत्री ने शहर के प्रमुख चौराहों पर महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों से अपील की।

Fatehpur News: यूपी सरकार में राज्यमंत्री का दर्जा मिलने के बाद जिले में प्रथम आगमन पर कृष्णा पासवान का भव्य स्वागत किया गया। बग्घी पर सवार होकर करीब सवा सौ ई-रिक्शों के काफिले के साथ राज्यमंत्री ने शहर के प्रमुख चौराहों पर महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों से अपील की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंच से आभार व्यक्त किया।
लखनऊ से एक कार से आईं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान का बाईपास पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। डीजल और पेट्रोल वाहनों का उपयोग कम करने का संदेश देने के उद्देश्य से कार्यकर्ता करीब सवा सौ ई-रिक्शा पर सवार होकर जुलूस में शामिल हुए। राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी और जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल एक सुसज्जित रथ (बग्घी) पर सवार होकर काफिले की अगुवाई कर रहे थे।
जुलूस बिजली पासी चौराहा पहुंचा, जहां महाराजा बिजली पासी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद अटल बिहारी चौराहा पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। जुलूस बाकरगंज, ज्वालागंज बस स्टॉप, वर्मा तिराहा और आईटीआई रोड से होते हुए पटेल नगर स्थित राज्यमंत्री के निजी आवास के बाहर आयोजित स्वागत सभा में पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया।




साइन इन