Midnight electricity checking campaign in every house; DM and SP themselves joined the team and went into the streets in आधी रात घर-घर बिजली चेकिंग अभियान, डीएम-एसपी खुद भीषण ठंड में टीम के साथ गलियों में पहुंचे, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

आधी रात घर-घर बिजली चेकिंग अभियान, डीएम-एसपी खुद भीषण ठंड में टीम के साथ गलियों में पहुंचे

बिजली चोरों के खिलाफ भीषण ठंड में आधी रात चेकिंग अभियान चलाया गया है। खुद डीएम और एसपी टीमों के साथ गलियों में पहुंचे और बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी है।

Mon, 5 Jan 2026 11:24 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, संभल
share
आधी रात घर-घर बिजली चेकिंग अभियान, डीएम-एसपी खुद भीषण ठंड में टीम के साथ गलियों में पहुंचे

बिजली बिल को लेकर ओटीएस यानी एक मुश्त समाधान योजना के साथ ही अब बिजली चोरी कर रहे लोगों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया है। भीषण ठंड में आधी रात छापेमारी शुरू की गई है। संभल में चलाए गए अभियान में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी गई है। लगभग एक साल के लंबे अंतराल के बाद रविवार की देर रात चेकिंग अभियान शुरू किया गया। संभल के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) खुद भारी पुलिस बल और बिजली विभाग की टीम के साथ भीषण ठंड में भी भोर में 4 बजे छापेमारी करने पहुंचे। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बिजली चोरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

रायसक्ति और सरायतारीन में सुबह 4 बजे 'सर्जिकल स्ट्राइक'

प्रशासन की ओर से करीब एक दर्जन से अधिक टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने शहर के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों रायसक्ति और सरायतारीन में एक साथ धावा बोला। जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तब डीएम और एसपी गली-मोहल्लों में बिजली के खंभों और मीटरों की सघन जांच कर रहे थे। एक साल बाद इतनी बड़ी स्तर पर हुई इस संयुक्त कार्रवाई ने अवैध बिजली इस्तेमाल करने वालों के होश उड़ा दिए हैं।

आधी रात घर-घर बिजली चेकिंग अभियान, डीएम-एसपी खुद भीषण ठंड में टीम के साथ गलियों में पहुंचे

पकड़े गए अवैध चार्जिंग स्टेशन और मस्जिद में कटिया

चेकिंग अभियान के दौरान कई चौंकाने वाले मामले सामने आए। छापेमारी में कई ऐसे चार्जिंग स्टेशन पकड़े गए जो बिना किसी वैध कनेक्शन के दर्जनों ई-रिक्शा चार्ज कर रहे थे। यहां सीधे केबल डालकर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की जा रही थी। इसके अलावा मस्जिद में बिजली चोरी भी पकड़ी गई। रायसक्ति क्षेत्र की एक मस्जिद में अवैध रूप से बिजली का उपयोग पाया गया। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। चेकिंग के दौरान दर्जनों ऐसे घर मिले जहां बिजली का उपयोग तो हो रहा था, लेकिन कोई मीटर ही नहीं लगा था।

डीएम का सख्त निर्देश, जारी रहेगी कार्रवाई

डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बिजली चोरी से न केवल विभाग को राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि इससे आम उपभोक्ताओं को भी ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या झेलनी पड़ती है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर ही कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह अभियान अभी जारी रहेगा और अवैध बिजली इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।