बोले मेरठ: गंदगी से अटी नालियां, गड्ढों से सड़कें बदहाल
Meerut News - कोतवाली क्षेत्र के कुरेशियान इलाके में सफाई, पानी और सड़क की बुनियादी सुविधाओं की कमी है। यहां गंदगी, टूटी सड़कें और गंदा पानी लोगों की समस्याएं बन चुके हैं। पाइपलाइन लीकेज और चोक नालियों के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोग इन समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं।

कोतवाली क्षेत्र में बनीसराय स्थित कुरेशियान इलाके की हालात बदहाल है। कुरेशियान मस्जिद चौराहे पर टूटी सड़क और जलभराव के कारण आने-जाने वाले लोग परेशान रहते हैं। पाइपलाइन लीकेज होने के कारण पानी भर जाता है। नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। पूरे इलाके में पीने का पानी घरों में गंदा आता है। इलाके के लोग सफाई, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं चाहते हैं। नगर निगम के वार्ड नंबर 56 स्थित बनी सराय का कुरेशियान इलाका बदहाली की स्थिति में है। इलाके के लोग गंदगी, टूटी सड़कों और गंदे पानी के बीच जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं। पांच हजार से अधिक आबादी वाले इस इलाके में समस्याएं केवल कागजों तक सिमट कर रह गई हैं।
कोतवाली रोड पर कुरेशियान मस्जिद चौराहा पूरे क्षेत्र की बड़ी समस्या बन चुका है। यहां सड़क टूट चुकी है। जगह-जगह गड्ढे हैं, जिनमें हर वक्त पानी भरा रहता है। पाइप लाइन में लीकेज के कारण हालात और भी बदतर हो जाते हैं। इस चौराहे से जुड़े तीन इलाकों के लोग रोजाना इसी बदहाली से दो-चार होते हैं। वहीं दो वार्डों के हजारों लोग टूटी सड़क के कारण परेशानी झेल रहे हैं, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं। कुरेशियान मस्जिद के सामने नालियां गंदगी से अटी हैं। चिंताजनक बात है पीने के पानी की लाइन इन्हीं गंदी नालियों के अंदर से गुजर रही है। घरों में पहुंचने वाला पानी गंदा होता है। हिन्दुस्तान बोले मेरठ टीम ने इलाके के लोगों से संवाद कर उनकी परेशानियों को जाना। गंदगी से अटी नालियां, इलाका दुर्गंध से सराबोर कुरेशियान मस्जिद के पास नालियों की हालत बदतर है। यहां रहने वाले लोगों का कहना है नालियां लंबे समय से साफ नहीं हुई हैं। गोबर और कीचड़ भरी पड़ी है। नालियों में गदंगी के कारण दुर्गंध रहती है। मच्छरों की तादाद बढ़ जाती है। क्षेत्र में लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। कुछ जगह नालियां चोक हैं, जिससे गंदा पानी ऊपर तक भर जाता है। बरसात में गंदगी सड़कों पर भर जाती है। सफाई वाले आते नहीं, लग जाते हैं कूड़े के ढेर लोगों का कहना है जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। कोई सफाई वाला इलाके में पंद्रह दिन से पहले आकर नहीं झांकता। पहले एक सफाई वाला आता था, लेकिन वह रिटायर हो गया, इसके बाद से अब कोई नहीं आता है। कुरेशियान मस्जिद के पास से जाने वाला रास्ता बनीसराय होते हुए शाहपीर गेट पर निकलता है। इस रास्ते पर मस्जिद के पास बनी पुलिया के हालात खराब हैं। लोग कूड़ा डालते हैं, धीरे-धीरे यहां कूड़े का अंबार लग जाता है। इस पुलिया के पास गहरी नाली है, जिसके ऊपर कोई स्लैब नहीं है, जिसमें बच्चों के गिरने का डर रहता है। घरों में आता है गंदा पानी, नालियों से जा रहे पाइप लोगों का कहना है घरों के अंदर पीने का पानी गंदा आता है। गलियों में पेयजल पाइप लाइनें नहीं बिछाई गई हैं, सभी लोगों ने मुख्य लाइन से पाइप कनेक्ट कर रखे हैं। पानी की लाइन भी नालियों के पास से होकर गुजर रही है। लीकेज होने के कारण पानी की समस्या ज्यादा होती है। चौराहा बदहाल, हजारों लोग रहते हैं परेशान लोगों का कहना है कुरेशियान मस्जिद के पास मौजूद चौराहा बदहाल है। सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है। इस चौराहे से कोतवाली, लिसाड़ी गेट, बनीसराय कुरेशियान और जाटान की तरफ रास्ते जाते हैं। चौराहे पर सड़क टूटी है और गहरे गड्ढे हो गए हैं। इसी चौराहे पर पाइप लाइन लीकेज होने के कारण पानी भरा रहता है। यहां से हजारों वाहन और लोग गुजरते हैं, इसके बावजूद चौराहा बदहाल है। चोक सीवर लाइन, निकासी का हो समाधान लोगों का कहना है पूरे इलाके में सीवर लाइन चोक पड़ी हैं, जो आजतक चालू नहीं हो पाई हैं। सीवर लाइन के साथ नालियां भी चोक रहती हैं, जिससे इलाके में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। सबसे बड़ी समस्या सीवर लाइन की है, इसे चालू किया जाना चाहिए। नालियों की सफाई हो और टूटी सड़क को बनाया जाए। चौराहे की सड़क का जल्द निर्माण किया जाना चाहिए। समस्याएं - पूरे इलाके में गंदगी के ढेर जगह-जगह लगे रहते हैं - नालियों में गंदगी भरी है और पूरी तरह चोक हैं - सीवर लाइन है जो आजतक चालू नहीं हुई - चौराहे पर पानी की पाइपलाइन लीकेज है - घरों में गंदा पानी आने से बीमार हो रहे लोग सुझाव - गंदगी की समस्या का समाधान हो, रोजाना कूड़ा उठे - नालियों में भरी गंदगी साफ हो, जलभराव ना हो - सीवर लाइन चालू की जानी चाहिए ताकि निकासी सही हो - चौराहे पर लीकेज पाइप लाइन को ठीक किया जाए - घरों में पहुंचने वाला पानी साफ होना भी सुनो चौराहे का बुरा हाल है, पूरी सड़क टूटी पड़ी है, ऊपर से पाइप लाइन लीकेज है, सड़क पर पानी भरा रहता है। - अमित शर्मा इस इलाके में गंदगी बहुत ज्यादा है, सफाई वाले आते नहीं हैं, कूड़े के ढेर लग जाते हैं, क्षेत्र में सफाई हो तो राहत मिले। - आसिफ घरों में गंदा पानी आता है, मेन लाइन से लोगों ने कनेक्शन ले रखे हैं, क्योंकि गलियों में पाइप लाइन ही नहीं बिछी है। - अनस पूरे इलाके में गदंगी रहती है, कोई सफाई वाला नहीं आता है, पंद्रह दिन से ज्यादा हो जाते हैं कूड़े को, कोई उठाने भी नहीं आता। - मो. जाहिद नालियों की हालत बहुत खराब है, गंदगी और गोबर से भरी रहती हैं, इनकी सफाई तो होती ही नहीं है - मो. आसिफ सीवर लाइन है जो आजतक चालू नहीं हुई है, पानी की पाइप लाइन नालियों के पास से होकर जा रही हैं, गंदा पानी आता है। - आरिफ सरकारी पानी की लाइन नालियों के अंदर से होकर जा रही हैं, जिससे गंदा पानी घरों में जाता है। - नदीम कई जगहों पर पानी की पाइप लाइनें लीकेज हैं, इस कारण भी पीने का पानी गंदा आता है, इसे जल्द सही कराया जाए। - मुस्तफा कुरेशियान चौराहे से हजारों लोग गुजरते हैं, बड़े वाहन भी आते-जाते हैं, सड़क पूरी तरह टूट चुकी है, गहरे गड्ढे हो गए हैं। - हिफजान कई बार चौराहे पर टेम्पो और ई-रिक्शा पलट जाते हैं, लोग चोटिल हो जाते हैं, आसपास गंदगी बहुत ज्यादा रहती है - नूर आलम इस चौराहे के आसपास काफी दुकानें हैं, लोग बड़ी संख्या में यहां से गुजरते हैं, पाइप लाइन में लीकेज के कारण पानी भरा रहता है। - विक्की गोयल चौराहे पर लीकेज लाइन को ठीक किया जाना चाहिए, ताकि जलभराव ना हो और लोगों को निकलने में परेशानी ना हो। - अब्दुल नफीस आसपास बहुत ज्यादा गंदगी रहती है, सड़क टूटी पड़ी है और पीने की पाइप लाइन में लीकेज पड़ा है - मो. हमाज इलाके में सफाई की बड़ी समस्या है, घरों में गंदा पानी पहुंचता है, पुलिया के पास गहरा नाला है, जिसे ढका जाना चाहिए। - मो. आमिर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन