Jammu Police Seeks UP Police Help to Capture Terror Suspect Uzaid from Meerut मेरठ : आतंकी गतिविधियों में शामिल संदिग्ध उजैद की गिरफ्तारी को यूपी पुलिस से मांगी मदद, Meerut Hindi News - Hindustan
More

मेरठ : आतंकी गतिविधियों में शामिल संदिग्ध उजैद की गिरफ्तारी को यूपी पुलिस से मांगी मदद

Meerut News - जम्मू पुलिस ने मेरठ के निवासी उजैद की धरपकड़ के लिए यूपी पुलिस से सहायता मांगी है। उजैद कश्मीर में आतंकी गतिविधियों से जुड़ा था और एक अलकायदा के कनेक्शन वाले व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कई बार प्रयास किए, लेकिन वह फरार है।

Tue, 10 March 2026 02:09 AMNewswrap हिन्दुस्तान, मेरठ
share
मेरठ : आतंकी गतिविधियों में शामिल संदिग्ध उजैद की गिरफ्तारी को यूपी पुलिस से मांगी मदद

आतंकी गतिविधियों में शामिल मेरठ कोतवाली निवासी उजैद की धरपकड़ और बाकी जानकारी के लिए जम्मू पुलिस ने यूपी पुलिस से मदद मांगी है। इस संबंध में जम्मू के सीओ स्तर के अधिकारी की ओर से मेरठ कोतवाली पुलिस से संपर्क किया गया। उजैद और उसके परिवार को लेकर स्टेट्स पता किया गया। हालांकि पुलिस ने घर पर टीम भेजी तो मकान पर ताला लगा मिला। इस संबंध में जम्मू पुलिस को सूचना दी गई है। दूसरी ओर, एटीएस और आईबी पूरे मामले में निगरानी बनाए हुए हैं। मेरठ कोतवाली के सराय बहलीम निवासी मोहम्मद साजिद कुरैशी फल आढ़ती है। इनका बेटा मोहम्मद उजैद कुरैशी वर्ष 2024 में कश्मीर कारोबार के सिलसिले में गया था।

इस दौरान कुछ ऐसे लोगों के संपर्क में आया, जो देश विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। उजैद इसी दौरान एक व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ गया था, जिसमें आतंकी संगठन अलकायदा का कनेक्शन सामने आया था। ये भी पता चला कि कुछ स्लीपर सेल से जुड़े संदिग्ध आतंकी भी इसी ग्रुप में शामिल थे। जम्मू पुलिस ने इस नेटवर्क का खुलासा होने के बाद 14 नवंबर 2025 को जम्मू के बहूफोर्ट थाने में बीएनएस की धारा 113(3) के तहत आतंकवादी कृत्य की एफआईआर दर्ज की गई थी। इस केस को डीएसपी ऑपरेशन समीर चौधरी देख रहे है। इसके बाद 18 जनवरी 2026 को जम्मू पुलिस, एटीएस और आईबी की टीम ने उजैद के घर पर दबिश दी थी। इस दौरान उजैद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद 20 जनवरी को उजैद के घर पर नोटिस चस्पा किया और 24 जनवरी को उजैद को बयान दर्ज कराने के लिए जम्मू के बाहू फोर्ट थाने बुलाया गया था। हालांकि उजैद वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद परिवार के सदस्य भी ताला बंद कर कहीं चले गए थे। इसी मामले में जम्मू पुलिस और डीसीपी समीर चौधरी ने मेरठ पुलिस से लगातार संपर्क बनाए है। अब जम्मू पुलिस ने मेरठ पुलिस से उजैद को हिरासत में लेने के लिए मदद मांगी है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।