गैंगस्टर विनय त्यागी का शव मेरठ पहुंचा, रात में अंतिम संस्कार
Meerut News - कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी उर्फ टिंकू त्यागी का शव शनिवार को मेरठ के उसके आवास पर लाया गया। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। विनय को रुड़की जेल से कोर्ट पेशी के दौरान बदमाशों ने गोली मारी थी, जिससे उसकी मौत हो गई। उसका अंतिम संस्कार परिवार की मौजूदगी में किया जाएगा।

कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी उर्फ टिंकू त्यागी का शव शनिवार देर शाम मेरठ के जागृति विहार सेक्टर-एक स्थित उसके आवास पर लाया गया। शव के पहुंचते ही इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सीओ सिविल लाइन के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस प्रशासन के अनुसार विनय त्यागी का अंतिम संस्कार देर रात परिजनों की मौजूदगी में किया जाएगा। विनय त्यागी पर बुधवार को रुड़की जेल से लक्सर कोर्ट में पेशी के लिए ले जाने के दौरान बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। गंभीर रूप से घायल विनय को इलाज के लिए ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विनय त्यागी लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत दर्जनों मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज रहे। मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में उसकी हिस्ट्रीशीट भी दर्ज थी। बताया जाता है कि उसका आपराधिक नेटवर्क उत्तर प्रदेश के साथ अन्य राज्यों तक फैला हुआ था। परिजनों के अनुसार विनय त्यागी की शिक्षा मेरठ से ही हुई थी और वह पहले जागृति विहार में परिवार के साथ रहता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है और संबंधित हमले की जांच तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन