बकरीद पर मेरठ रेंज में हाई अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी, 6000 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान
मेरठरेंज में बकरीद को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं। जिले में 173 ईदगाह और 515 मस्जिदों में नमाज अदा होगी, जबकि संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी और लगातार पैदल गश्त कराई जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेरठ रेंज में 23 जोन बनाई गई है।

UP News: बकरीद को लेकर मेरठ रेंज में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं। जिले में 173 ईदगाह और 515 मस्जिदों में नमाज अदा होगी, जबकि संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी और लगातार पैदल गश्त कराई जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेरठ रेंज में 23 जोन, 79 सेक्टर और 49 क्यूआरटी गठित की गई हैं। करीब छह हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
डीआईजी रेंज मेरठ कलानिधि नैथानी ने सभी जिला प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि परंपरा से हटकर किसी भी प्रकार का आयोजन न होने दिया जाए। थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज की जवाबदेही तय करने के साथ ही संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में 24 घंटे पुलिस पिकेट लगाने के निर्देश दिए हैं। रेंज स्तर पर आठ अपर पुलिस अधीक्षक, 25 सीओ, 95 इंस्पेक्टर, 1045 उपनिरीक्षक, 1395 मुख्य आरक्षी, 2035 सिपाही, 1005 होमगार्ड और पीआरडी जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा दो कंपनी पीएसी को भी रिजर्व में रखा है।
जिले के संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर
पुलिस ने शहर और देहात के संवेदनशील इलाकों की सूची तैयार कर ली है। विशेष तौर पर मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, ईदगाहों, प्रमुख मस्जिदों, बकरा मंडियों और पशु पैठ पर निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बकरा मंडियों में विवाद और लूट जैसी घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा जाए। वहीं, सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति और धर्मगुरुओं के साथ बैठकें कर शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की गई है।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई तो कार्रवाई
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सोशल मीडिया सेल को फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और व्हाट्सएप पर लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्रोन, पिकेट और सोशल मीडिया निगरानी पर रहेगा फोकस
जिले में इस बार बकरीद पर सुरक्षा का पूरा फोकस संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों पर रहेगा। पुलिस ने 91 स्थानों को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया है, जहां ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा हर संवेदनशील इलाके में स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस पिकेट तैनात किए जाएंगे।
गोरखपुर में बकरीद पर कंट्रोल रूम में 24 घंटे तैनात रहेंगे कर्मचारी
उधर, गोरखपुर में ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार के दौरान महानगर में सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया है। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कर्मचारियों को निर्धारित ड्यूटी पर पूरी तत्परता के साथ मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।




साइन इन