Meerut murder case Major negligence police comes to light on whose orders was the crime scene opened मेरठ हत्याकांड: सामने आई पुलिस की बड़ी लापरवाही, किसके इशारे पर खोला गया क्राइम सीन?, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मेरठ हत्याकांड: सामने आई पुलिस की बड़ी लापरवाही, किसके इशारे पर खोला गया क्राइम सीन?

  • पुलिस आमतौर पर क्राइम सीन पर किसी की एंट्री नहीं होने देती, लेकिन मेरठ के सौरभ हत्याकांड में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। दोनों क्राइम सीन पर अवैध रूप से लोगों की एंट्री हुई।

Mon, 24 March 2025 10:08 PMDinesh Rathour हिन्दुस्तान, मेरठ, प्रमुख संवाददाता
share
मेरठ हत्याकांड: सामने आई पुलिस की बड़ी लापरवाही, किसके इशारे पर खोला गया क्राइम सीन?

यूपी पुलिस आमतौर पर क्राइम सीन पर किसी की एंट्री नहीं होने देती, लेकिन मेरठ के सौरभ हत्याकांड में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। दोनों क्राइम सीन पर अवैध रूप से लोगों की एंट्री हुई। साहिल के मकान को सील नहीं करने और बाहरी लोगों के अंदर घुसने को लेकर पहले ही इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी के खिलाफ जांच खोल दी गई है। अब मुस्कान-सौरभ के घर में भी क्राइम सीन में अवैध प्रवेश हुआ है। जिस मकान में सौरभ की हत्या हुई, वहां से पुलिस ने भले ही सबूत उठा लिए, लेकिन अभी भी काफी साक्ष्य संकलन का काम बाकी है। ऐसे में वारदात के तीन दिन बाद क्राइम सीन को खोला गया और यहां पर कुछ लोगों की एंट्री हुई। यह काम किसके इशारे पर किया गया, अभी तक खुलासा नहीं किया गया है।

सौरभ हत्याकांड को जिस जघन्य तरीके से अंजाम दिया गया, उसे सुनकर और देखकर हर किसी का रूह कांप गई। वारदात में दो क्राइम सीन हैं। पहला क्राइम सीन सौरभ और मुस्कान का घर है, जहां पर सौरभ की हत्या कर लाश के चार टुकड़े किए गए। सिर को शरीर से काटकर अलग किया गया और दोनों हाथ कलाई से काट लिए गए थे। इसके बाद लाश को ड्रम में भरकर उस पर सीमेंट का घोल डालकर जमा दिया गया था। दूसरा क्राइम सीन हत्यारोपी साहिल का कमरा है। हत्या कर लाश के टुकड़े करने के बाद सिर और दोनों हाथ एक बैग में रखकर साहिल अपने कमरे पर लाया था। यहां पर पूरी रात कटा हुआ सिर और दोनों हाथ रखे गए थे।

इन दोनों क्राइम सीन को सुरक्षित रखने में पुलिस ने बड़ी लापरवाही बरती। साहिल के घर में बाहरी लोगों की एंट्री हुई और कई बार तो पुलिस ने खुद ही एंट्री कराई। दूसरी ओर सौरभ के बंद मकान को हत्या के तीन दिन बाद खोला गया। यहां पर भी कुछ लोग अंदर पहुंच गए थे। ऐसा उस समय किया गया, जब मकान से सौरभ का पासपोर्ट बरामद नहीं हुआ और बाकी दस्तावेज की खोजबीन जारी है। यह काम भी पुलिस के इशारे पर ही किया गया। एसएसपी ने साहिल के मकान को सील करने में लापरवाही को लेकर इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी के खिलाफ जांच बैठा दी है। अब सौरभ के मकान में भी एंट्री को लेकर वीडियो सामने आए हैं, जिससे सवाल खड़े हो रहे हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।