ट्रेन संचालन में बदलाव का यात्रियों को मिल रहा लाभ
Mathura News - रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है जंक्शन रेलवे स्टेशन -रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है जंक्शन रेलवे स्टेशन -प्लेटफार्म संख्या आठ पर बढ़ी ट्रेनों की संख

जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संचालन को लेकर किए गए सुधारों का सीधा लाभ यात्रियों को मिल रहा है। इसके तहत कई ट्रेनों को विस्तारित किया गया है। साथ ही ट्रेनों के ठहराव के समय में बढ़ोत्तरी कर यात्रियों के साथ घटित होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाई गई है। प्लेटफार्म संख्या आठ पर ट्रेनों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। जंक्शन रेलवे स्टेशन रणनीतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जंक्शन रेलवे स्टेशन से अलवर, नई दिल्ली, कासगंज, बरेली, आगरा और कोटा सहित कुल छह दिशाओं में रेल सेवाएं संचालित होती हैं। प्रतिदिन करीब 200 सवारी गाड़ियां मथुरा जंक्शन से होकर देश के विभिन्न राज्यों के लिए रवाना होती हैं।
इस विशाल रेल संचालन व्यवस्था को कुलदीप मीणा के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। उनके निर्देशन में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। कोटा मथुरा पेसेंजर को अलवर तक विस्तारित किया गया है, वहीं कासगंज से मथुरा आने वाली पेसेंजर जो रात 9 बजे तक जंक्शन रेलवे स्टेशन पर खड़ी रहती थी। उसे गंगापुरसिटी तक विस्तारित किया गया है। जिसका सीधा लाभ यात्रियों को मिल रहा है। टनकपुर एक्सप्रेस जो कैंट रेलवे स्टेशन पर खड़ी रहती थी उसे अछनेरा तक विस्तारित किया गया है। इसके अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव के समय में वृद्धि की गई है, जिससे चेन पुलिंग और मैन रन ओवर जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है।रेल यातायात को सुचारू बनाने के लिए प्लेटफार्म संख्या एक पर सवारी गाड़ियों की अधिकता को देखते हुए मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को प्लेटफार्म संख्या आठ से संचालित कराए जाने का सीधा लाभ यात्रियों को मिल रहा है। इस बदलाव से यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिल रही है। समग्र रूप से मथुरा जंक्शन पर किए गए ये सुधार न केवल रेल संचालन को बेहतर बना रहे हैं, बल्कि यात्रियों के अनुभव को भी अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बना रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन