massive fire at Commercial Tax Department in Gorakhpur GST destroying everything The incident occurred after midnight गोरखपुर के जीएसटी दफ्तर में भीषण आग, सब कुछ जलकर खाक, आधी रात के बाद हादसा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

गोरखपुर के जीएसटी दफ्तर में भीषण आग, सब कुछ जलकर खाक, आधी रात के बाद हादसा

गोरखपुर में वाणिज्यकर भवन (जीएसटी दफ्तर) में भीषण आग से सब कुछ जलकर राख हो गया। हादसा आधी रात के बाद करीब डेढ़ बजे हुआ। फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस ने 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

Sat, 10 Jan 2026 05:35 AMYogesh Yadav गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता
share
गोरखपुर के जीएसटी दफ्तर में भीषण आग, सब कुछ जलकर खाक, आधी रात के बाद हादसा

यूपी में गोरखपुर के तारामंडल इलाके में स्थित वाणिज्य कर भवन में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। बिल्डिंग की पहली मंजिल पर स्थित विभाग का कार्यालय पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत रही कि घटना के समय कार्यालय बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग पर काबू पा लिया गया है। विभागीय अधिकारी नुकसान के आकलन में जुटे हैं। भवन के नीचले तल पर कई दुकानें भी हैं। समय से आग का पता लगने और एक्शन शुरू होने से आग वहां तक नहीं पहुंच सकी। वहां तक आग फैलती तो बहुत नुकसान होता।

जानकारी के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे अचानक बिल्डिंग की पहली मंजिल से आग की तेज लपटें और धुआं उठता दिखाई दिया। यह देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग और रामगढ़ताल थाना पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार्यालय में रखे फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर, फाइलें और अन्य सामान पूरी तरह जल गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बहन के प्रेमी की जगह उसके ममेरे भाई को मार डाला, जैकेट और मफलर ने पलटा मामला

रामगढ़ताल थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ ने बताया कि सेल टैक्स कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि भवन के निचले तल पर कई दुकानें स्थित हैं। यदि आग नीचे तक फैल जाती तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था। उधर, आग की सूचना के बाद विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।