marriage was stopped due to stopping hookah and pani police rushed to Panchayat In Meerut पंचायत ने परिवार का बंद कर दिया हुक्का-पानी, निकाह रुकने की खबर पर दौड़ी पुलिस, दो को उठाया, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पंचायत ने परिवार का बंद कर दिया हुक्का-पानी, निकाह रुकने की खबर पर दौड़ी पुलिस, दो को उठाया

मेरठ में लिसाड़ी गेट के अहमदनगर में हुई पंचायत में हुक्का पानी बंद किए जाने के फैसले के चलते एक युवती का निकाह रुक गया है। सूचना पर पुलिस दौड़ी पड़ी और दो लोगों को उठा लाई।

Sun, 7 Dec 2025 07:56 PMDinesh Rathour मेरठ, प्रमुख संवाददाता
share
पंचायत ने परिवार का बंद कर दिया हुक्का-पानी, निकाह रुकने की खबर पर दौड़ी पुलिस, दो को उठाया

यूपी के मेरठ में लिसाड़ी गेट के अहमदनगर में हुई पंचायत में हुक्का पानी बंद किए जाने के फैसले के चलते एक युवती का निकाह रुक गया है। युवती के परिजनों ने शनिवार रात बिरादरी के कुछ लोगों की पंचायत अपने घर बुलाई और प्रतिबंध हटाने की मांग की। दूसरी पक्ष को पता लगा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। दो पक्षों में टकराव की सूचना पर पुलिस मौके पर दौड़ी। पुलिस ने पंचायत रुकवा दी और दो लोगों को हिरासत में लिया। बिना पुलिस की मौजूदगी किसी भी तरह की बैठक पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

लिसाड़ी गेट के चारदीवारी इस्लामाबाद निवासी इश्तियाक के बेटे फारुख का डेढ़ साल पहले समरीन निवासी शाहपीर गेट से निकाह हुआ था। निकाह के बाद दोनों में विवाद चल रहा था। अब समरीन के परिजनों ने कुछ दिन पहले पंचायत बुलाई थी। पंचायत ने तलाक देने और निकाह में हुआ खर्च भुगतान करने के लिए इश्तियाक पक्ष को आदेश दिया। तलाक देकर और पूरा खर्च भुगतान करने तक परिवार और रिश्तेदारों का हुक्का-पानी बिरादरी में छह माह के लिए बंद करने का आदेश दिया। यह भी कहा कि इस दौरान आरोपी पक्ष और उसके रिश्तेदारों में न तो कोई शादी समारोह होगा और न ही किसी समारोह में भाग ले सकेंगे।

दूसरी ओर, इश्तियाक के बहनोई बदर की बेटी का अगले माह निकाह तय हो रखा है। बिरादरी के लोगों ने हुक्का पानी बंद करने का फरमान सुनवाया इसलिए निकाह का तमाम काम रुक गया है। प्रतिबंध के चलते न तो निकाह हो सकेगा और न कोई रिश्तेदार निकाह में आ सकेगा। प्रतिबंध हटाने की मांग करते हुए बदर और उनके भाई समर ने अहमदनगर गली-2 स्थित आवास पर बिरादरी के लोगों की पंचायत बुलाई। इसकी सूचना पर समरीन के परिजन भड़क गए। अपने पक्ष के साथ बैठक में पहुंच गए। पुलिस भी सूचना पर पंचायत में पहुंच गई। रात करीब 10.30 बजे पुलिस ने पंचायत रुकवा दी। पुलिस को सूचना मिली दोनों पक्ष में टकराव हो सकता है, इसलिए बदर व उसके भाई समर को हिरासत में लिया। देररात दोनों को हिदायत देकर छोड़ा गया।

मेरठ एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया, दो पक्षों में विवाद चल रहा है। पंचायत के फैसले को लेकर बिरादरी के लोगों ने दूसरी पंचायत बुलाई। इसी को लेकर सूचना मिली थी। पुलिस ने पंचायत रुकवा दी है। कानून व्यवस्था बाधित करने पर कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।