mar Dalo police walon ko Mob Attacks Upon Hearing Accused FIR Filed Against Eight People मार डालो पुलिस वालों को...आरोपी की बात सुनते ही भीड़ ने कर दिया हमला, आठ लोगों पर एफआईआर, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मार डालो पुलिस वालों को...आरोपी की बात सुनते ही भीड़ ने कर दिया हमला, आठ लोगों पर एफआईआर

कन्नौज में कानपुर की पुलिस टीम पर हमला सादी वर्दी में होने की वजह से नहीं हुआ। यह दावा पुलिस की एफआईआर में किया गया है। इसमें बताया गया कि बाइक चोरी के आरोपी राजीव उर्फ दीपू ने गांव वालों को नाम लेकर बुलाया।

Wed, 27 May 2026 08:56 PMDinesh Rathour गुगरापुर(कन्नौज)
share
मार डालो पुलिस वालों को...आरोपी की बात सुनते ही भीड़ ने कर दिया हमला, आठ लोगों पर एफआईआर

Kannauj News: यूपी के कन्नौज में कानपुर की पुलिस टीम पर हमला सादी वर्दी में होने की वजह से नहीं हुआ। यह दावा पुलिस की एफआईआर में किया गया है। इसमें बताया गया कि बाइक चोरी के आरोपी राजीव उर्फ दीपू ने गांव वालों को नाम लेकर बुलाया और कहा कि पुलिस वालों को मार डालो। इसके बाद लाठी-डंडों से लैस ग्रामीणों ने टीम को घेर पुलिस पर हमला कर दिया। मारपीट में चौकी प्रभारी दिवाकर पांडेय बेहोश होकर गिर पड़े। मामले में राजीव उर्फ दीपू समेत आठ लोगों को नामजद किया गया है।

कोतवाली गुरसहायगंज में दर्ज हुई रिपोर्ट के मुताबिक पनकी थाने की टीम मंगलवार दोपहर बाइक चोरी के एक मामले में माल-मुल्जिम की तलाश में बढ़ौरा गांव पहुंची थी। टीम में पनकी मंदिर चौकी प्रभारी दिवाकर पांडेय, स्वाट टीम के सैय्यद मोहम्मद इमरान, अवधेश कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस के अनुसार गांव में संदिग्ध राजीव कुमार उर्फ दीपू मिला। उससे पूछताछ शुरू हुई तो उसने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। एफआईआर में कहा गया है कि राजीव चिल्लाकर बोला, “ये पुलिस वाले हैं, पकड़ने आए हैं, इन्हें यहीं मार डालो, नहीं तो आगे दिक्कत होगी।” कुछ ही देर में गांव के कई लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया गया। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मी संभल नहीं सके।

भीड़ के हमले से दरोगा घायल

चौकी प्रभारी दिवाकर पांडेय को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना के दौरान गांव में अफरातफरी मच गई। तमाशबीन बने ग्रामीण और राहगीर डरकर भाग निकले। पुलिसकर्मी घायल दरोगा को निजी वाहन से सीएचसी गुरसहायगंज लेकर पहुंचे। मामले में राजीव उर्फ दीपू समेत आठ लोगों को नामजद किया गया है। इनमें संदीप कुमार, विष्णु दुबे, रामनरेश, जगदंबा, जीतू उर्फ जितेंद्र, दिलीप और राघव शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, जानलेवा हमला, धमकी और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद गांव में पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है। कई आरोपित घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। कोतवाली प्रभारी गुरसहायगंज अजय अवस्थी ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं गांव में अब भी चर्चा इस बात की है कि पुलिस टीम सादी वर्दी में थी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।