राहुल गांधी की बैठक से निकले मनोज पांडे, विधायक ने क्यों दिशा मीटिंग का बहिष्कार किया?
यूपी के रायबरेली में राहुल गांधी की अध्यक्षता में हो रही दिशा बैठक से ऊंचाहार विधायक मनोज पांडे बाहर निकल आए। । दरअसल, दिशा की बैठक शुरू होते ही विधायक मनोज पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां को जो अपशब्द कहे गए, उसका निंदा प्रस्ताव बैठक में रखा जाए।

नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी रायबरेली दौरे के दूसरे दिन दिशा बैठक में शामिल हुए। राहुल गांधी की अध्यक्षता में शुरू हुई दिशा की बैठक का ऊंचाहार के विधायक डॉ. मनोज पांडे ने बहिष्कार कर दिया। वह बैठक छोड़कर बाहर आ गए। दरअसल, दिशा की बैठक शुरू होते ही विधायक मनोज पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां को जो अपशब्द कहे गए, उसका निंदा प्रस्ताव बैठक में रखा जाए। इस प्रस्ताव को नकार दिया गया। इसके बाद विधायक मनोज पांडे बैठक छोड़कर बाहर आ गए।
उन्होंने कहा कि वह बैठक का बहिष्कार करते हैं। प्रधानमंत्री की मां का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। कहा कि रायबरेली के लिए उन्होंने कौन-कौन से विकास कार्य किए हैं। इसकी आज तक जानकारी नहीं दी।
गुरुवार सुबह सांसद राहुल गांधी दिशा की बैठक में भाग लेने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे। बैठक शुरू हो गई है। इसमें प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सांसद किशोरी लाल शर्मा, ऊंचाहार के विधायक डॉ मनोज पांडे, सदर विधायक अतिथि सिंह, सरेनी विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी समेत तमाम जनप्रतिनिधि पहुंचे। बैठक में जिले के विकास कार्यों पर चर्चा होनी है। यह बैठक करीब 3 घंटे तक चलने की उम्मीद है। इससे पहले सांसद राहुल गांधी ने एनटीपीसी ऊंचाहार के गेस्ट हाउस में लोगों से मुलाकात की। उनसे मिलने वालों में डॉक्टर, अधिवक्ता और शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल शामिल था।
कल मंत्री ने रोक दिया था काफिला
इससे पहले बुधवार को प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने लखनऊ प्रयागराज हाईवे पर राहुल का काफिला रोक दिया था। उन्होंने भी प्रधानमंत्री की मां के अपमान के विरोध में कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया था। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली में हैं।




साइन इन