Makar Sankranti 2026: मकर संक्रांति के दिन से शुरू होगा खिचड़ी मेला, CM योगी ने खुद संभाला मोर्चा
मकर संक्रांति पर खिचड़ी महापर्व का शुभारंभ गुरुवार को होगा। सीएम योगी मंगलवार रात गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया। मंगलवार अपराह्न गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी गोरखपुर महोत्सव में शामिल होने के बाद गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने खिचड़ी मेला की तैयारियों की जानकारी ली।

Makar Sankranti 2026: मकर संक्रांति के दिन से गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध खिचड़ी मेले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सीएम योगी ने मंगलवार रात गोरखनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम पूछा और बच्चों को प्यार दुलार के साथ आशीर्वाद भी दिया।
मकर संक्रांति पर खिचड़ी महापर्व का शुभारंभ गुरुवार को होगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर सीएम योगी ने मकर संक्रांति पर होने वाले पारंपरिक रूप से ‘विशिष्ट, दिव्य व भव्य आस्था की खिचड़ी निवेदन पर्व’ के मद्देनजर मंगलवार रात गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया। सीएम मंगलवार अपराह्न गोरखपुर पहुंचे थे। गोरखपुर महोत्सव में शामिल होने के बाद वह गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन पूजन किया और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर माथा टेका। इसके बाद खिचड़ी मेला की तैयारियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने समूचे मंदिर परिसर में साफ सफाई, सुरक्षा और अन्य सभी सुविधाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए।
एटीएस कमांडो और 2556 पुलिसकर्मियों ने संभाली मेले की सुरक्षा
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध खिचड़ी मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मेला क्षेत्र में एक अस्थायी थाना और नौ चौकियों की स्थापना की गई है। कुल 2556 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एटीएस कमांडो की एक टुकड़ी भी तैनाती की गई है। पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस विभाग के अनुसार, मेला सुरक्षा की कमान 6 एडिशनल पुलिस अधीक्षक, 22 क्षेत्राधिकारी और 84 निरीक्षक संभाल रहे हैं।
इनके साथ 489 उपनिरीक्षक, 1365 पुरुष कांस्टेबल और 235 महिला कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस के 1 निरीक्षक, 36 उपनिरीक्षक, 82 हेड कांस्टेबल और 78 कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 155 होमगार्ड भी मेला ड्यूटी में लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सिविल पुलिस के साथ बड़ी संख्या में पीएसी बल और एटीएस कमांडों की टुकड़ी भी तैनाती की गई है। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए एटीएस और खुफिया एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं।
कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी
सुरक्षा के दृष्टिगत मेला क्षेत्र, श्री गोरखनाथ मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से 24 घंटे की जा रही है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस कर्मी या कंट्रोल रूम को दें।
सिविल पुलिस
एडिशनल एसपी-6, सीओ- 22, निरीक्षक-84, उप निरीक्षक-489, महिला कांस्टेबल-235
ट्रैफिक पुलिस
निरीक्षक-4,उप निरीक्षक यातायात-36, मुख्य आरक्षी-82, आरक्षी-78, होमगार्ड-155
बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, बुधवार से लागू होगा डायवर्जन
खिचड़ी मेला को सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था 14 जनवरी से मेला समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान महानगर क्षेत्र में कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि खिचड़ी मेला सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
इन रास्तों से सभी तरह के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित
तरंग ओवरब्रिज से उत्तर-पश्चिम हुमायुपुर चौराहा होते हुए श्री गोरखनाथ मंदिर की ओर दो/तीन/चार पहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
रामलीला मैदान से मानसरोवर मंदिर होकर झूलेलाल मंदिर की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
जेपी अस्पताल से ओवरब्रिज होकर गोरखनाथ मंदिर की ओर तीन पहिया व चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
रामलीला मैदान से पुराने गोरखपुर होकर झब्बा गली के रास्ते गोरखनाथ मंदिर की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
दशहरी बाग तिराहा से गोरखनाथ मंदिर की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
कौड़ियहवा मोड़ से गोरखनाथ मंदिर एवं गोरखनाथ थाना की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
जाहिदाबाद तिराहा से गोरखनाथ मंदिर की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
धर्मशाला चौराहा से गोरखनाथ मंदिर की ओर ऑटो, ई-रिक्शा, मैजिक, लोडर का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन धर्मशाला से जटाशंकर, गंगेज चौराहा, दुर्गाबाड़ी तिराहा, सूरजकुंड ओवरब्रिज, सुभाष चंद्र बोस कॉलोनी होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
डायवर्जन
वाराणसी की ओर से सोनौली, सिद्धार्थनगर, फरेंदा, महराजगंज जाने वाले भारी वाहन (श्रद्धालुओं के वाहनों को छोड़कर) बाघागाड़ा, नौसड़, कालेसर फोरलेन, जंगल कौड़िया, चिउटहा होते हुए जाएंगे।
लखनऊ की ओर से सोनौली, सिद्धार्थनगर, फरेंदा, महराजगंज जाने वाले भारी वाहन (श्रद्धालुओं के वाहनों को छोड़कर) कालेसर फोरलेन, जंगल कौड़िया, चिउटहा मार्ग से जाएंगे।
सोनौली, सिद्धार्थनगर, फरेंदा, महराजगंज से लखनऊ व वाराणसी की ओर जाने वाले वाहन जंगल कौड़िया, चिउटहा, कालेसर, सहजनवा फोरलेन होते हुए जाएंगे।
सोनौली, सिद्धार्थनगर, फरेंदा से गोरखपुर आने वाले भारी वाहन (ट्रक, बस, मिनी बस, आयल/गैस टैंकर, ट्रैक्टर-ट्रॉली) रोडवेज बस, ई-बस एवं श्रद्धालुओं के वाहनों को छोड़कर बरगदवा से आगे प्रतिबंधित रहेंगे। ये वाहन जंगल कौड़िया बाईपास से कालेसर, नौसढ़ होकर जाएंगे।
गोरखपुर महानगर से पीपीगंज/फरेंदा की ओर जाने एवं वहां से आने वाले वाहनों के लिए,डीजल/पेट्रोल टैंकर (रोडवेज बस व श्रद्धालु वाहन छोड़कर) रोडवेज तिराहा, विश्वविद्यालय चौराहा, छात्रसंघ, पैडलेगंज, टीपी नगर, नौसड़, कालेसर, जंगल कौड़िया होकर जाएंगे। सोनौली, फरेंदा, पीपीगंज से आने वाले टैंकर/ट्रक भी इसी मार्ग से आएंगे। यातायात तिराहा से डायवर्जन के बाद सोनौली, फरेंदा, सिद्धार्थनगर, महराजगंज जाने वाले छोटे वाहन रेलवे स्टेशन, रेलवे अंडरपास, विछिया तिराहा, कौवाबाग, असुरन चौराहा, खजांची चौराहा होते हुए जाएंगे।
यातायात तिराहा से गोरखनाथ मंदिर होते हुए बरगदवा जाने एवं बरगदवा से यातायात तिराहा आने वाले भारी वाहनों (बस, ट्रक, ट्रैक्टर) पर रात्रि नो-एंट्री खुलने के बाद भी प्रतिबंध रहेगा।
फर्टिलाइजर से निकलने वाले भारी वाहन डागिंया, गुलरिहा, भटहट, मलंग स्थान, सोनबरसा, महुआतर, जंगल कौड़िया होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
यहां रहेंगी रूट-वार पार्किंग व्यवस्था
रूट नं. 1
बिहार, बलिया, देवरिया, वाराणसी, आजमगढ़, मऊ, कुशीनगर, जौनपुर, लखनऊ, बस्ती एवं संतकबीर नगर मार्ग से आने वाले वाहन भगवती महिला महाविद्यालय परिसर, आरपीएफ ग्राउंड (गोरखनाथ ओवरब्रिज चढ़ने से पूर्व दक्षिणी किनारा) में पार्क किए जाएंगे।
रूट नं. 2
सिद्धार्थनगर, फरेंदा, नेपाल, सोनौली, महराजगंज, पीपीगंज, कैम्पियरगंज, पिपराइच, भटहट, गुलरिहा, चिलुआताल मार्ग से आने वाले वाहन, लेबर तिराहा से रामनगर तिराहा तक सड़क के दोनों ओर, नथमलपुर बगीचा,औद्योगिक क्षेत्र मोड़ से रामनगर तिराहा तक सड़क के दोनों ओर,स्प्रिंगर स्कूल मोड़ के रोड के दोनों पटरियों पर पार्क होंगे।
रूट नं. 3
शहर क्षेत्र राजघाट, कोतवाली, तिवारीपुर, सूरजकुंड कॉलोनी मार्ग से आने वाले वाहन रामलीला मैदान (अधियारीबाग), मौलाना आजाद गर्ल्स इंटर कॉलेज में पार्क होंगे।
रूट नं. 4
ग्रीन सिटी, डोमिनगढ़ एवं आसपास के क्षेत्र से आने वाले वाहन शांतिवरम मैरेज लॉन, नवनिर्मित एश्प्रा कॉम्प्लेक्स (कौड़िहवा मोड़) में पार्क होंगे।
रूट नं. 5
शाहपुर, असुरन, एचएन सिंह चौराहा एवं हड़हवा फाटक मार्ग से आने वाले वाहन दीपू पासवान की भूमि (अंसारी रोड, गोरखनाथ),बकार हुसैन की भूमि (अंसारी रोड, गोरखनाथ) में पार्क होंगे।
ड्यूटी पर लगे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग मेवालाल गुरुकुल स्कूल, गोरखनाथ मंदिर गेट नं. 4 (निकास द्वार) के पास होगी।
भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया
गोरखनाथ मंदिर खिचड़ी मेला में अत्यधिक भीड़ की स्थिति में झूलेलाल मंदिर के पास रैन बसेरा (चैत्रदीप मैरेज लॉन व झूलेलाल मंदिर के निकट) में 500 व्यक्ति, महायोगी गोरखनाथ कॉम्प्लेक्स में 500 व्यक्ति, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में 400 व्यक्तियों को रोका जा सकता है। इन्हें होल्डिंग एरिया के रूप में चिह्नित किया गया है।




साइन इन