यूपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देह व्यापार के शक में छह स्पा सेंटर बंद कराए, दो गिरफ्तार
रामपुर में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा होने की सूचना पर प्रशासन ने पुलिस टीम के साथ शुक्रवार को छह स्पा सेंटरों पर छापा मारा तो काम करने वाली युवतियां मौके से फरार हो गईं, लेकिन मौके से दो युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

Rampur News: रामपुर में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा होने की सूचना पर प्रशासन ने पुलिस टीम के साथ शुक्रवार को छह स्पा सेंटरों पर छापा मारा तो काम करने वाली युवतियां मौके से फरार हो गईं, लेकिन मौके से दो युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जिन्हें गिरफ्तार कर सिटी मजिस्ट्रेट ने जेल भेज दिया। ये दोनों आरोपी मुरादाबाद और अमरोहा जनपद के रहने वाले हैं।
शहर में अवैध तरीके से तमाम स्पा सेंटर संचालित हो रहे हैं। यह कहने में गुरेज नहीं हैं कि स्पा सेंटरों की आड़ में वहां पर देह व्यापार का गोरखधंधा भी काफी फल-फूल रहा है। कई बार क्षेत्रीय लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। दावा तो यहां तक किया जाता है कि पुलिस की मिलीभगत से यह सेंटर संचालित हो रहे हैं। स्पा सेंटरों पर बढ़ती आपत्तिजनक गतिविधियों को लेकर आखिरकार आज पुलिस-प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट सालिग राम के नेतृत्व में पुलिस ने सिविल लाइंस इलाके में पड़ने वाले कई सेंटरों पर एक साथ दबिश दी। इन सेंटरों पर मौजूद कई लोग तो मौका पाकर फरार हो गए। जबकि कुछ को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
बताया जाता है कि यहां पर काम करने वाली युवतियां मौके से निकल गईं। पुलिस ने इन सेंटरों का चप्पा-चप्पा चेक करने के साथ ही हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की। थाना प्रभारी सिविल लाइंस ओंकार सिंह ने बताया कि स्पा सेंटरों पर चेकिंग की गई थी। इस दौरान छह सेंटरों का संचालन अवैध मिलने पर उन्हें बंद करा दिया गया है। वहीं, मौके से गिरफ्तार किये गए हिमांशु पुत्र सुमित निवासी ग्राम फतेहपुर थाना बछरायूं जनपद अमरोहा और सागर पुत्र रामपाल निवासी ग्राम मलगद्दा थाना मझोला जनपद मुरादाबाद को अवैध स्पा सेंटर संचालित करने के आरोप में सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा जेल भेज दिया है।




साइन इन