संघ प्रमुख मोहन भागवत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुलाकात, यूपी के हालात पर चर्चा
Lucknow News - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डा. मोहन भागवत से मुलाकात की। यह मुलाकात शिष्टाचार भेंट के रूप में हुई और इसमें प्रदेश के राजनीतिक व सामाजिक हालात पर चर्चा की गई। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डा. मोहन भागवत से भेंट की। निराला नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में हुई इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है। आधे घंटे से अधिक समय तक चली मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री और सरसंघचालक के बीच प्रदेश के सियासी और सामाजिक हालात को लेकर बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने उन्हें मौजूदा राजनैतिक परिदृश्य के साथ ही सरकार के कामकाज की जानकारी दी। इसके साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष में होने वाले कार्यक्रमों व आगामी योजना-रचना को लेकर भी चर्चा होने की खबर है। हालांकि मौजूदा परिदृश्य में इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।
दरअसल, अगले साल यूपी में विधानसभा चुनाव होने हैं। इधर, संघ प्रमुख की सक्रियता भी यूपी में काफी अधिक है। भागवत गोरखपुर से गत दिवस लखनऊ पहुंचे थे। यहां सद्भाव बैठक, कुटुंब सम्मेलन, युवा संवाद और प्रमुखजन संवाद के बाद देर शाम मुख्यमंत्री से संघ प्रमुख की मुलाकात हुई। इससे पूर्व दोनों के बीच 26 नवंबर को अयोध्या में भेंट हुई थी। तब भी तकरीबन 90 मिनट अकेले में बात हुई थी। गुरुवार को भागवत रवाना होने से पूर्व महानगर के प्रचारकों से भी मिलेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन