योगी ने होली पर 1.86 करोड़ परिवारों को दिया मुफ्त गैस सिलेंडर का उपहार
Lucknow News - - उज्ज्वला योजना से गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के 1500 करोड़ दिए - मुख्यमंत्री

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली पर्व पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 1.86 करोड़ परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का 1500 करोड़ रुपये उपहार स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि देश में केवल चार जातियां गरीब, किसान, महिला व युवा हैं। इसमें सभी पंथ, संप्रदाय, मत व मजहब समाहित हैं। ऐसे में इन्हें सरकारी योजनाओं का प्राथमिकता पर लाभ दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि होली व दीपावली पर इस योजना के लाभार्थी परिवारों को एक-एक मुफ्त सिलेंडर देने की सुविधा दी जा रही है।
उज्ज्वला योजना के तहत देश में 10 करोड़ से अधिक लोगों को गैस कनेक्शन की सुविधा दी गई है। इनमें से उत्तर प्रदेश में 1.86 करोड़ परिवारों को इसका लाभ मिल रहा है। सीएम योगी ने इस अवसर पर 10 लाभार्थी महिलाओं को सब्सिडी राशि के प्रतीकात्मक चेक दिए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में सबका साथ-सबका विकास ही मूलमंत्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यही कहते हैं कि देश में चार जातियां गरीब, किसान, महिला व युवा हैं। कोरोना महामारी खत्म हुए काफी समय बीत गया, फिर भी देश में आज भी 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा दी जा रही है। इसमें अकेले यूपी के 15 करोड़ लाभार्थी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो समाज के लिए काम करेगा सरकार उसके साथ खड़ी होगी। आयुष्मान योजना के तहत 50 करोड़ लोगों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य गारंटी दी जा रही है। इसका लाभ देश के किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में लिया जा सकता है। बेसिक से लेकर उच्च शिक्षा तक के शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मियों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों को भी इस योजना से जोड़ा गया है। -- पहले सरकारें जातीय खेमों में बंटी हुईं थी योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले दूसरी पार्टियों की जो सरकारें थीं वह जातीय खेमों में बंटी हुईं थी और समाज को लड़ाने का काम करती थीं। पहले की सरकारों की सोंच संकीर्ण थी। माफिया समानांतर शासन चलाते थे। अराजकता का माहौल था। उस दौरान न बेटी सुरक्षित थी और न ही व्यापारी। पर्व व त्योहारों से पहले उपद्रव की घटनाएं होती थीं, जिससे कर्फ्यू लग जाता था और उत्साह भंग हो जाता था। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। अब न दंगा होता है और न कर्फ्यू लगता है। -- जर्मनी, जापान व सिंगापुर से आ रहा निवेश मुख्यमंत्री ने कहा कि जर्मनी, जापान व सिंगापुर सहित विभिन्न देशों से निवेश आ रहा है। इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। अभी हाल ही में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जर्मनी से लौटे हैं। उन्होंने प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को लेकर बैठकें की हैं। वर्ष 2017 से पहले यूपी के प्रतिनिधि जब विदेश जाते थे, तो उन्हें गंभीरता से नहीं लिया जाता था। अब माहौल पूरी तरह बदल गया है। सुबह से शाम तक काम करने का ही परिणाम है कि यूपी में दूसरे देशों से भारी-भरकम निवेश हो रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन