अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह की शुरुआत, बेटियों के लिए होंगे विशेष कार्यक्रम
Lucknow News - यूपी सरकार 3 से 11 अक्तूबर तक अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह मनाएगी, जिसमें बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम होने तय हुए हैं।

मिशन शक्ति 5.0 के तहत राज्य सरकार 3 से 11 अक्तूबर तक अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह मनाएगी। इसके तहत बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह सप्ताह 11 अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित है। मिशन शक्ति 5.0 के तहत 22 सितंबर से 1 अक्तूबर तक महिला एवं बाल विकास विभाग विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक 13,04,784 लोगों तक पहुंच बनाकर नारी शक्ति को नया बल प्रदान किया गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह की शुरुआत तीन अक्टूबर को 'ड्राइविंग माय ड्रीम्स' कार्यक्रम से होगी, जिसमें प्रत्येक जिले में कम से कम 100 बालिकाओं और महिलाओं को ड्राइविंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस एक माह के कोर्स से ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने और नए अवसर प्रदान करने का लक्ष्य है। 4 अक्टूबर को 'पर्सनल सेफ्टी अवेयरनेस' सत्रों में बालिकाओं को आत्मरक्षा और आपात स्थिति में सुरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। 6 अक्टूबर को बाल देखरेख संस्थानों में 'सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप' आयोजित होगी, जो व्यावहारिक कौशल प्रदान करेगी।
वहीं, 7 अक्तूबर को 'एक दिन की जिलाधिकारी' पहल के तहत चयनित बालिकाएं प्रशासनिक जिम्मेदारियों को समझेंगी और नेतृत्व क्षमता विकसित करेंगी। सप्ताह का समापन 11 अक्टूबर को 'शक्ति संवाद' के साथ होगा, जिसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड एवं सामान्य, आदि योजनाओं की लाभार्थी बालिकाओं और महिलाओं को जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ संवाद का अवसर मिलेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन