Flight Disruptions at Lucknow Airport Due to Iran-Israel Conflict ईरान पैकेज : सायरन बजता और बंकर में जाना पड़ता था, दुबई से लौटे यात्रियों की आप बीती, Lucknow Hindi News - Hindustan
More

ईरान पैकेज : सायरन बजता और बंकर में जाना पड़ता था, दुबई से लौटे यात्रियों की आप बीती

Lucknow News - सरोजनीनगर, संवाददातासायरन की आवाज आती और तुरंत हमें बंकर में जाने को कहा जाता। फ्लाइट के बारे में कुछ पता नहीं लग पा रहा था। समय अपने कमरे से बंकर क

Thu, 5 March 2026 08:42 PMNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
ईरान पैकेज : सायरन बजता और बंकर में जाना पड़ता था, दुबई से लौटे यात्रियों की आप बीती

सरोजनीनगर, संवाददाता सायरन की आवाज आती और तुरंत हमें बंकर में जाने को कहा जाता। फ्लाइट के बारे में कुछ पता नहीं लग पा रहा था। समय अपने कमरे से बंकर के बीच आने-जाने की चिंता में कट रहा था। हर किसी के चेहरे पर दहशत साफ नजर आ रही थी। गुरुवार को एयरपोर्ट पर एक के बाद एक कर दो फ्लाइटें दुबई से लखनऊ पहुंची तो यात्रियों ने आप बीती बताई। ज्यादातर यात्री दूसरे जिलों के थे।फ्लाई दुबई की ये उड़ानें स्पेशल चार्टर के रूप में लखनऊ पहुंची। दुबई से सामान्य फ्लाइटों का संचालन ठप है, रेस्क्यू मिशन के तहत कुछ स्थानों के लिए गिनी-चुनी फ्लाइटें संचालित हो रही हैं।

दोपहर लखनऊ पहुंचे प्रयागराज के फजर रहमान ने बताया कि दुबई में हमले की दहशत है। बंकर में छिपने के लिए दिन में कई बार मजबूर होना पड़ रहा था। नोएडा और गुरुग्राम के रहने वाले दो परिवार भी लखनऊ सकुशल पहुंचने के बाद राहत महसूस कर रहे थे। गुरुग्राम के एक परिवार ने बताया कि वहां घूमने गए थे, वापसी की फ्लाइट अचानक निरस्त होने का मैसेज आया। तब पता चला कि वहां भी हमला हो रहा है। वहां की सरकार ने खयाल रखा, इसलिए ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। फ्लाइटें बंद होने से दिक्कत जरूर हो रही थी। सोचा की सड़क मार्ग से दूसरे शहर जाकर फ्लाइट पकड़ें लेकिन वह भी खतरे से खाली नहीं था।पत्नी को बिना बताए घूमने गए, फंस गएलखनऊ के ही एक व्यक्ति दुबई अपने दोस्तों के साथ घूमने गए थे। कहा था कि जरूरी कार्य से टूर पर जा रहे हैं। इसी बीच ईरान-इजराइल का युद्ध शुरू हो गया और वहीं फंस गए। वापसी की फ्लाइट निरस्त हो गई। नतीजतन पत्नी को सच्चाई बतानी पड़ी। अब तक उनकी वापसी नहीं हो पाई है।पहली फ्लाइट से 89 यात्री आए, वापसी में सिर्फ एक यात्री गयाखौफ का आलम यह है कि दुबई से सुबह छह बजे आई फ्लाइट एफजेड 8443 से कुल 89 यात्री लखनऊ पहुंचे। वापसी में जब एफजेड 84444 रवाना हुई तो उसमें सिर्फ एक यात्री लखनऊ से दुबई के लिए रवाना हुआ। दिन में 10:30 बजे एफजेड 443 से कुल 141 यात्री आए। यहां से 12 बजे रवाना हुई फ्लाइट एफजेड 444 से 29 यात्री दुबई केलिए रवाना हुए। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को भी दो फ्लाइटें लखनऊ आने की उम्मीद है।लखनऊ एयरपोर्ट की 8 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्दसरोजनीनगर, संवाददाताईरान-इज़राइल संघर्ष के चलते अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात लगातार प्रभावित हो रहा है। इसका असर चौधरी चरण सिंह अन्तराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी साफ दिखाई पड़ा। गुरुवार को अमौसी एयरपोर्ट पर आने और जाने वाली कुल आठ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। अचानक उड़ानें निरस्त होने से कई यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो गईं और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था तलाशनी पड़ी।एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक खाड़ी क्षेत्र के एयरस्पेस में सुरक्षा कारणों से उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा है। इसी के चलते गुरुवार को यहां आने वाली पांच अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द करना पड़ा। गुरुवार सुबह 07:05 बजे शारजाह से लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6ई-1424) और दोपहर 03:30 बजे दुबई से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स-198) रद्द कर दी गई। इसी तरह अबुधाबी से शाम 6:05 बजे पहुंचने वाली इण्डिगो की उड़ान (6ई-1416) और दम्माम से शाम 8 बजे आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 098 भी निरस्त कर दी गयी। साथ ही दुबई से रात 11:30 बजे लखनऊ पहुंचने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (आईएक्स-194) भी रद्द कर दी गई।वहीं चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से गुरुवार को प्रस्थान करने वाली उड़ानों में लखनऊ से रात 10:05 बजे दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की आईएक्स 193 रद्द रही। रात 8:35 बजे अबू धाबी जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई-1415) और रात 09 बजे दम्माम जाने वाली (6ई-097) भी रद्द कर दी गईं। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक खाड़ी देशों की स्थिति सामान्य होने तक उड़ानों का संचालन प्रभावित रह सकता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।