लखनऊ अग्निकांड को लेकर अफवाह के पीछे चित्रकूट का सिविल इंजीनियर, पुलिस ने दबोचा
लखनऊ के विकासनगर की झुग्गी बस्ती में लगी आग को लेकर इंस्टाग्राम पर 100 से ज्यादा लोगों की मौत अफवाह फैलाने वाले को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़ा गया सुधाकर त्रिपाठी चित्रकूट का रहने वाला है और यहां एक कंपनी में सिविल इंजीनियर है।

UP News: लखनऊ में विकासनगर अग्निकांड के वीडियो के साथ 100 से ज्यादा लोगों के मौत की झूठी सूचना इंस्टाग्राम पर सिविल इंजीनियर सुधाकर त्रिपाठी ने वायरल की थी। पुलिस ने साइबर क्राइम सेल की मदद से सुधाकर त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया। सुधाकर मूल रूप से चित्रकूट जनपद के रहने वाले हैं। यहां एक निजी कंपनी में सिविल इंजीनियर की नौकरी कर रहे थे।
थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह के मुताबिक 15 अप्रैल को विकासनगर सेक्टर-12 झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई थी। अग्निकांड में 200 से ज्यादा झोपड़ियां और उसमें रखी लोगों की गृहस्थी जलकर राख हो गई थी। घटना के समय रात में मौके पर पहुंचे सुधाकर त्रिपाठी ने आग का वीडियो बनाया। उन्होंने इंस्टाग्राम आईडी news_artery से पोस्ट किया गया। वीडियो के साथ टेक्स्ट में लिखा गया था कि मीडिया द्वारा अग्निकांड में सिर्फ चार लोगों की मौत दिखाई जा रही है। असलियत इससे ज्यादा है। अग्निकांड में 100 से ज्यादा लोग जिंदा जल गए हैं। पुलिस पर आरोप लगाते हुए लिखा था कि अब लाठियां चलाई जाएंगी। गरीब की मौत का कोई नहीं।
थानाप्रभारी ने बताया कि इस तरह की पोस्ट कर लोगों को भड़काकर आक्रोश पैदा करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई थी। दरोगा भानु प्रताप सिंह ने यह पोस्ट शुक्रवार को सोशल मीडिया पर देखी थी। उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया था।
विकास नगर पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी
उधर, विकास नगर में अग्निकांड पीड़ितों से कर्तव्यम् परिवार के सदस्यों ने मुलाकात की। उन्हें राहत सामग्री वितरित की। राहत अभियान में द फेंसिंग वॉरियर अकादमी क्राफ्टर्स प्राइवेट लिमिटेड (आईटी कंपनी) और राधा रानी एंटरप्राइजेज का सहयोग रहा। शहरवासियों से मदद की अपील भी की।
अग्निकांड पीड़ितों से मिलकर सांत्वना दी
विकास नगर में स्टेडियम के पास स्थित स्लम बस्ती में लगी आग के पीड़ितों में लखनऊ बंगिय नागरिक समाज ने राहत सामग्री बांटी। समाज के मुख्य संयोजक पीके दत्ता के नेतृत्व में समाज की मिट्ठू रोय, डॉ. माधवी मिश्रा, असीम रोय, इंद्र भट्टाचार्य, शशांक चतुर्वेदी, स्वची श्रीवास्तव मौजूद थीं।
बृज की रसोई ने दी मदद छोले-चावल का वितरण
इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (पंजीकृत) द्वारा संचालित बृज की रसोई ने अपनी साप्ताहिक सेवा परंपरा को निभाते हुए इस रविवार विकासनगर अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर छोले-चावल का वितरण किया। संस्था के सदस्य संजय श्रीवास्तव और आशीष श्रीवास्तव मौजूद थे।
एफसीआई की टीम ने बांटी राशन किट
विकासनगर अग्निकांड के पीड़ितों की मदद के लिए विभिन्न संस्थाओं के साथ विभाग भी सामने आ रहे हैं। रविवार को भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने सुबह विकास नगर के आग पीड़ितों के बीच राशन किट का वितरण किया। एफसीआई के स्वयंसेवकों ने करीब 250 राशन की किटों को पीड़ितों के बीच बांटा।




साइन इन