बिहार में BJP की सीटे पूछने पर मेडिकल स्टोर मालिक ने डॉक्टर को पीटा, दांत से अंगूठा काटा-पथराव
बिहार में एनडीए की जीत के बाद भाजपा की सीटे पूछने पर लखनऊ में एक मेडिकल स्टोर मालिक ने डॉक्टर पर हमला कर दिया। डॉक्टर की पिटाई कर दी। यही नहीं स्टोर मालिक ने डॉक्टर के हाथ में दांत काट लिया।

बिहार में एनडीए की प्रचंड बहुमत की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए लखनऊ में चिनहट के मल्हौर में दंत के डॉक्टर ने पड़ोसी से भाजपा की सीटों के बारे में पूछ लिया। इस पर नाराज मेडिकल स्टोर संचालक चंद्र प्रकाश यादव ने उन्हें गालियां दी। लात घूसों से जमकर पीटा। दांत से उनके हाथ का अंगूठा काट लिया। पथराव कर दिया और धमकी देते हुए भाग निकला। पीड़ित डॉ. की तहरीर पर चंद्र प्रकाश यादव समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। दोनों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
निजामपुर चिनहट निवासी डॉ. श्रवण कुमार तिवारी मल्हौर में दांत का क्लीनिक चलाते हैं। डॉ. श्रवण के मुताबिक शनिवार रात वह क्लीनिक बंद कर घर लौट रहे थे। क्लीनिक के पास ही उनके एक परिचित मिल गए। उनसे बातचीत करने लगे। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड बहुमत की जीत पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान भाजपा की सीटों के बारे में पूछा। यह बात सुनते ही पड़ोस में मेडिकल स्टोर संचालक चंद्र प्रकाश यादव पहुंचे। डॉ. श्रवण का आरोप है कि चंद्र प्रकाश ने उनसे अभद्रता की। गाली-गलौज करने लगे। दुकान से डंडा निकाल लाए उन पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान पैरों पर ताबड़तोड़ प्रहार किए।
शोर सुनकर उसका साथी जसवंत यादव भी आ गया। उसने भी हमला बोल दिया। हाथ पकड़कर खींचा। अंगूठा मुंह में भरकर दांत से काट लिया। पथराव कर दिया। हमले में डॉ. श्रवण घायल हो गए। आस पड़ोस के लोग जुटे तो हमलावर चंद्र प्रकाश और जसवंत फरार हो गए। डॉ. ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।
हमले से टूटकर गिरी घड़ी-चेन गायब, दुकान छोड़ने की धमकी
पीड़ित डॉ. श्रवण कुमार के मुताबिक हमले से उनकी घड़ी और सोने की चेन टूटकर गिरी और गायब हो गई। इसके साथ ही चंद्र प्रकाश ने क्लीनिक बंद कर दुकान छोड़ने की धमकी दी। विरोध पर जान से मारने ने की धमकी दी। डॉ. के मुताबिक चंद्र प्रकाश ने उनसे 50 हजार रुपये उधार भी ले रखे है। वह भी देने से उसने मना कर दिया।




साइन इन