Lakhs of rupees were swindled from man by luring him with promise of treasure then drama of murder of Maulvi was staged खजाने का लालच देकर लाखों की ठगी, फिर मौलवी के मर्डर का रचा ड्रामा; ठगी का नया पैतरा देख पुलिस का घुमा माथा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

खजाने का लालच देकर लाखों की ठगी, फिर मौलवी के मर्डर का रचा ड्रामा; ठगी का नया पैतरा देख पुलिस का घुमा माथा

  • बरेली में ठगों के कारनामे से पुलिस भी अचरज में पड़ गई। दरअसल ठगों ने पहले मौलवी बनकर जिन्न से बात करने का झांसा दिया, फिर खेत में दबा खजाना मिलने लालच दिया। पहले 4.28 लाख रुपये ठगे और फिर मौलवी का फर्जी मर्डर तक करा दिया।

Thu, 30 Jan 2025 03:50 PMPawan Kumar Sharma हिन्दुस्तान, बरेली, वरिष्ठ संवाददाता
share
खजाने का लालच देकर लाखों की ठगी, फिर मौलवी के मर्डर का रचा ड्रामा; ठगी का नया पैतरा देख पुलिस का घुमा माथा

यूपी के बरेली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां ठगों के कारनामे से पुलिस भी अचरज में पड़ गई। दरअसल ठग कंपनी ने पहले मौलवी बनकर जिन्न से बात करने का झांसा दिया, फिर खेत में दबा खजाना मिलने लालच दिया। ठगों ने पहले 4.28 लाख रुपये ठगे और फिर मौलवी का फर्जी मर्डर तक करा दिया। फिर पुलिस से बचने के लिए शख्स ने 6 लाख रुपये मांगे। इस बीच मोहनलाल ने भतीजे को पूरी घटना बता दी। जिससे दोबारा ठगी से बच गए।

बदायूं के वजीरगंज के बरौर के रहने वाले मोहनलाल ने पुलिस को अपने साथ हुई ठगी की घटना बताई तो वह किसी फिल्मी कहानी जैसी लगी। मोहनलाल, वह एक माह पहले सेटेलाइट आए थे। वहां उनकी मुलाकात भूरा खां से हुई। उसने मोहनलाल को देखते ही कहा था कि वह बहुत परेशान लग रहा है। साथ ही आश्वासन दिया कि एक मौलवी है जो जिन्न बुलाकर हर तरह की परेशानी दूर कर देता है। इस तरह मोहनलाल को पहले झांसे में लिया।

मौलवी ने बताया, खेत में दबा है खजाना

पहले भूरा खां उसके घर आया और एक रात रुका। फिर वह मौलवी को लेकर वहां आया। साथ में दो अन्य लोग भी थे। मौलवी ने वहां तंत्र से जिन्न बुला लिया जिसने बताया कि मोहनलाल के खेत में सोने के सिक्कों से भरा बर्तन दबा है। उसे निकालते ही सारे कष्ट दूर हो जाएंगे। लेकिन 2-3 लाख रुपये खर्च होंगे। जिन्न मोहनलाल को नहीं दिखा लेकिन फिर भी उसे शक नहीं हुआ और वह ठगों के जाल में फंसता जा रहा था। उसने करीब 3 लाख रुपये भी उनको दे दिया। मौलवी ने उसका घर देखा, खेत देखा और कुछ दिन बाद आने की बात कहकर चला गया। तीन-चार दिन दिन भूरा खां, मौलवी और दो अन्य लोग दोबारा उसके घर आए। रात में करीब दो बजे सभी लोग खेत में गए जहां खुदाई में एक पीतल जैसा बर्तन मिला। मौलवी ने हिदायत दी, इसे गोपनीय जगह छिपाकर रख दो। अभी झाड़-फूंक होगा, तंत्र करना होगा। उसके बाद ही इसे खोलना।

तीन-चार दिन बाद मौलवी को लेकर भूरा खां फिर मोहनलाल के घर पहुंचा। वहां जब शाम हो गई तो सभी लोग खेत की तरफ गए। वहां एक जगह खड़े होकर मौलवी फिर झाड़-फूंक जैसा करने लगा। इसी बीच अचानक एक युवक वहां हाथ में असलहा लेकर आया और मौलवी की तरफ तान दिया। तेज आवाज हुई, मौलवी छाती पकड़कर गिर गया और उसका कुर्ता लाल हो गया। यह देख मोहनलाल के होश उड़ गए। वह घर की तरफ भागा। उसके पीछे वे लोग भी वापस चले गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में भगदड़ का काला इतिहास, 71 सालों में सैकड़ों श्रद्धालुओं की गई जान
ये भी पढ़ें:बागपत हादसा: मान स्तंभ परिसर को किया गया सील, जांच टीम ने जुटाए सबूत

मृत दर्शाने के लिए नाक में ठूंसी थी रुई

अगले ही दिन मोहनलाल के पास ठगों ने मौलवी की फोटो भेजी। वह जमीन पर लेटे थे और नाक में रुई ठूंसी थी। ठगों ने धमकी दी, मौलवी का मर्डर हो गया है, पुलिस उसे तलाश रही है। अगर 6 लाख रुपये का इंतजाम हो जाए तो मामला रफादफा हो सकता है। मोहनलाल परेशान हो गए। वह रुपये का इंतजाम करने में जुट गया तो भतीजे को शक हुआ। उसके पूछने पर मोहनलाल ने घटना बताई। तब भतीजे ने बताया कि वह एक बार ठगी का शिकार हो चुका है और दोबारा ठग उससे 6 लाख रुपये मांग रहे हैं। दोनों बारादरी थाने पहुंचे और केस दर्ज कराया।

मोबाइल नंबर के जरिये तलाश रही पुलिस

मोहनलाल ने पुलिस को ठगों के दो मोबाइल नंबर भी दिए हैं। पुलिस उन नंबरों से ठग कंपनी की तलाश में जुटी है। मामले में दो संदिग्धों की लोकेशन भी मिल गई है। पुलिस टीम उनको पकड़ने के लिए भेजी गई है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।