मुख्यमंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी मामले में सपा नेता पर केस
Kushinagar News - कुशीनगर के फाजिलनगर में नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के दौरान सपा नेता राजेश सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की। भाजपा नेता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। वायरल वीडियो के आधार पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

कुशीनगर। नगर पंचायत फाजिलनगर में अध्यक्ष पद के उपचुनाव के दौरान आयोजित एक नुक्कड़ सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने सपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई भाजपा नेता चन्द्रप्रकाश यादव चमन की तहरीर पर की गई है। बीते 26 अप्रैल को नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में सपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित नुक्कड़ सभा के दौरान राजेश सिंह ने मंच से मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। सभा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया।
भाजपा नेता चन्द्रप्रकाश यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंच से दिए गए बयान से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं मुख्यमंत्री समर्थकों की भावनाएं आहत हुईं हैं। साथ ही चुनावी माहौल में इस तरह की टिप्पणी कर राजनीतिक विद्वेष फैलाने और जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोपी नेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूत्रों के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं की थी। हालांकि, 10 मई को भाजपा नेताओं ने दोबारा थानाध्यक्ष पटहेरवा से मिलकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष पटहेरवा धीरेन्द्र राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर जनभावना भड़काने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो क्लिप, सभा के फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन