Keshav Maurya Brajesh Pathak Dharmpal visits BJP MLA Anupama who got burn injury during effigy burning of Akhilesh Yadav अनुपमा से मिलने पहुंचे केशव, ब्रजेश, धर्मपाल; दिन में भाजपा विधायक का हाल पूछने अखिलेश भी गए थे, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

अनुपमा से मिलने पहुंचे केशव, ब्रजेश, धर्मपाल; दिन में भाजपा विधायक का हाल पूछने अखिलेश भी गए थे

Anupama Jaiswal News: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला फूंकने में झुलस गईं भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल को देखने मंगलवार की शाम केशव मौर्य, ब्रजेश पाठक और धर्मपाल एक साथ पहुंचे। दिन में अखिलेश भी हाल पूछकर गए थे।

Tue, 28 April 2026 10:34 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
अनुपमा से मिलने पहुंचे केशव, ब्रजेश, धर्मपाल; दिन में भाजपा विधायक का हाल पूछने अखिलेश भी गए थे

Anupama Jaiswal News: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नेत्री, पूर्व मंत्री और बहराइच की विधायक अनुपमा जायसवाल को देखने मंगलवार को नेताओं का तांता ही लग गया। समाजवादी पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष अखिलेश यादव अनुमपा जायसवाल को देखने दिन में गए थे। उनके बाद सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) सुप्रीमो और मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी लखनऊ के मेदांता अस्पताल जाकर भाजपा विधायक से मिले। शाम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भी अस्पताल गए और पूर्व मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दी।

बहराइच जिले की सदर सीट से लगातार दूसरी बार विधायक बनीं पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल शनिवार को भाजपा के नारी वंदन अभियान के तहत बहराइच में विपक्षी दलों के नेताओं का पुतला जलाने के दौरान आग से झुलस गई थीं। अनुपमा से मिलने पहुंचे दोनों डिप्टी सीएम ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। डिप्टी सीएम ने कहा कि मातृ शक्ति के हक और सम्मान की रक्षा के लिए अनुपमा जायसवाल हमेशा ही संघर्षशील रहतीं हैं।

दोपहर में अनुपमा से मिलने गए अखिलेश यादव ने मुलाकात के बाद लिखा था- ‘हम नहीं चाहते हैं कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो। सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है। इसीलिए हम भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल से मिलने गये और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करके आएं हैं। राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह। सद्भाव बना रहे, सौहार्द बना रहे!’

अखिलेश के ट्वीट पर अनुपमा का दो टूक जवाब- विश्वास है आप नजरिया बदलेंगे

अस्पताल की बेड पर स्वास्थ्य लाभ ले रहीं अनुपमा ने अखिलेश यादव के ट्वीट पर दो टूक जवाब दे दिया और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अखिलेश नारी वंदन अधिनियम पर अपना नजरिया बदलेंगे। अनुपमान ने लिखा- ‘पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, आपका बहुत आभार। मातृ शक्ति के हक और सम्मान की रक्षा के लिए मुझे अपने प्राणों की आहुति भी देनी पड़े तो सदैव तत्पर रहूंगी। मुझे विश्वास है कि आप भी मातृशक्ति के अधिकार और सम्मान के लिए नारी वंदन अधिनियम संविधान संशोधन पर अपना दृष्टिकोण बदलेंगे।’

अनुपमा जायसवाल का राजनीतिक सफर

भाजपा नेता अनुपमा जायसवाल पहली बार 2017 के विधानसभा चुनाव में बहराइच सीट से जीतीं और विधायक बनी थीं। तब उन्होंने समाजवादी पार्टी की नेता रूबाब सायदा को 6702 वोटों से हरा दिया था। 2022 के चुनाव में अनुपमा जायसवाल ने रूबाब सायदा के बेटे यासर शाह को भी 4078 वोट के अंतर से हराया। 59 साल की अनुपमा जायसवाल ने वकालत की डिग्री ले रखी है। कलवार जाति से आने वाली अनुपमा के पति अशोक जायसवाल एक बैंक में मैनेजर हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।