उमरवल यमुना घाट पर अवैध खनन का खेल, एनजीटी के नियमों की उड़ रही धज्जियां
Kausambi News - पिपरी थाना इलाके के उमरवल यमुना घाट पर अवैध बालू खनन जोरों पर है। स्थानीय लोग आरोप लगाते हैं कि खनन माफिया दिन-रात बालू निकालकर परिवहन कर रहे हैं। इससे शासन को राजस्व का नुकसान और ग्रामीणों के आवागमन में कठिनाई हो रही है। एनजीटी के नियमों के खिलाफ यह खनन चल रहा है।
पिपरी थाना इलाके के उमरवल यमुना घाट पर इन दिनों बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन का खेल चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन माफिया दिन-रात नदी से बालू निकालकर परिवहन कर रहे हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी अनजान बने हुए हैं। इससे न केवल शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि पर्यावरण और ग्रामीणों के आवागमन पर भी इसका असर पड़ रहा है। उमरवल यमुना घाट पर इन दिनों अवैध तरीके से बालू खनन का कारोबार तेजी से चल रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक दिन के समय नावों के जरिये यमुना नदी से बालू निकालकर घाट पर डंप किया जाता है।
इसके बाद रात होते ही डंपर और ट्रैक्टर-ट्रालियों से बालू का परिवहन शुरू हो जाता है। पोकलैंड मशीनों से लोडिंग कर पूरी रात वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि एक दिन में सैकड़ों डंपर और ट्रैक्टर-ट्रालियां बालू लेकर घाट से गुजरती हैं। इससे जहां सरकार को रोजाना लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से गांवों की सड़कों की हालत भी बदतर हो गई है। कई जगह सड़कें टूटकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। लोगों का आरोप है कि खनन माफियाओं ने घाट के पास अवैध रूप से बैरियर और कांटा भी लगा रखा है, जहां वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाती है और बालू की तौल की जाती है। पूरा काम खुलेआम हो रहा है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) के नियमों के अनुसार बिना पट्टा और पर्यावरणीय अनुमति के नदी से खनन करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद उमरवल घाट पर खुलेआम खनन हो रहा है, जिससे नदी के अस्तित्व और पर्यावरण को भी खतरा पैदा हो रहा है।--------------वर्जन-उमरवल में बालू खनन के लिए कोई पट्टा स्वीकृत नहीं है। मामले की जानकारी नहीं थी, इसे दिखवाया जाएगा। यदि अवैध खनन पाया गया तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।-अरुण कुमार, एसडीएम चायल-----------------उमरवल घाट पर खनन किए जाने की जानकारी अभी मिली है। पुलिस टीम भेजकर मौके की जांच कराई जाएगी और खनन विभाग से भी इस संबंध में बात की जाएगी।-अभिषेक सिंह, सीओ चायल
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन