VIP Road Accident Tobacco Tycoon s Son Shivam Mishra Involved in Lamborghini Crash कारोबारी के बेटे ने लेम्बोर्गिनी से तीन को रौंदा, अज्ञात में रिपोर्ट लिखने पर थाना प्रभारी नपे , Kanpur Hindi News - Hindustan
More

कारोबारी के बेटे ने लेम्बोर्गिनी से तीन को रौंदा, अज्ञात में रिपोर्ट लिखने पर थाना प्रभारी नपे

Kanpur News - कानपुर में वीआईपी रोड पर तंबाकू व्यापारी के बेटे शिवम मिश्रा की लेम्बोर्गिनी कार से तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन जांच के बाद शिवम का नाम सामने आया। परिजनों ने कहा कि शिवम को दौरे पड़ते हैं, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने कार्रवाई की पुष्टि की है।

Tue, 10 Feb 2026 12:08 PMNewswrap हिन्दुस्तान, कानपुर
share
कारोबारी के बेटे ने लेम्बोर्गिनी से तीन को रौंदा, अज्ञात में रिपोर्ट लिखने पर थाना प्रभारी नपे
कानपुर, प्रमुख संवाददाता। वीआईपी रोड पर रविवार दोपहर को तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम की लेम्बोर्गिनी कार की टक्कर से तीन लोगों के घायल होने के बाद भी पुलिस ने मामले को दबाने का प्रयास किया। कार को थाने में लाकर ढंकवाने के साथ ही फौरन अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। हालांकि हाई प्रोफाइल मामले ने तूल पकड़ा। पुलिस कमिश्नर तक बात पहुंची तो उन्होंने जांच कराई। इसमें शिवम मिश्रा का नाम सामने आया। अज्ञात में दर्ज रिपोर्ट में िशवम का नाम शामिल करते हुए ग्वालटोली थाना प्रभारी संतोष गौड़ को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज देखकर शिवम के ही होने की तस्दीक कर कार्रवाई की जाएगी। आर्यनगर निवासी तंबाकू व्यापारी केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा रविवार दोपहर लेम्बोर्गिनी कार से वीआईपी रोड से जा रहा था। कार पर दिल्ली का नंबर लिखा था। अचानक रिंग वाले चौराहे के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़ी ऑटो और बुलेट में टक्कर मारने के बाद फुटपाथ पर चढ़ गई। फुटपाथ पर खड़े चमनगंज निवासी मो. तौफीक अहमद का पैर टूट गया। बुलेट सवार खलासी लाइन निवासी विशाल त्रिपाठी और सोनू त्रिपाठी भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने कार को घेर लिया। इस दौरान शिवम की कार के पीछे फॉर्च्युनर से चल रहे उनके निजी सुरक्षा गार्डों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। इस पर गार्डों और स्थानीय लोगों में धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले तंबाकू व्यापारी के बेटे को सुरक्षा गार्डों ने कार का शीशा तोड़कर बाहर निकाला और निजी अस्पताल ले गए। मौके पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने तौफीक को उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया और कार ग्वालटोली थाने ले गई। इस मामले में पुलिस ने मो. तौफीक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लि। सुबह यह हादसा वायरल होने लगा। पुलिस पर आरोप लगा कि रसूखदार धनाढ‘य घर के युवक को बचाने के लिए पुलिस ने अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की है। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि जांच में पता चला कि शिवम मिश्रा ही कार चला रहा था, जिससे हादसा हुआ। सीसीटीवी फुटेज से पहचान की गई है। रिपोर्ट में शिवम का नाम शामिल कर लिया गया है।

परिजनों का दावा, छह माह से चल रहा इलाज

शिवम के परिजनों ने बताया कि शिवम को छह माह से दौरे आ रहे हैं। उनका इंग्लैंड से इलाज चल रहा है। अचानक दौरा पड़ने से यह हादसा हुआ है। हालांकि पुलिस जांच कर रही है और उनसे मेडिकल रिपोर्ट भी मांगी है।

एक घंटे तक दरवाजा पीटती रही पुलिस

लेम्बोर्गिनी प्रकरण सोमवार को चर्चा में आने के बाद पुलिस तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के आर्यनगर स्थित घर पहुंची। यहां करीब एक घंटे तक पुलिस दरवाजा पीटती रही लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद थक-हारकर पुलिस लौट आई। पुलिस के मुताबिक परिवार दिल्ली में रहता है। ऐसे में शिवम को बुलाया जाएगा। वह नहीं आया तो टीम दिल्ली भेजी जाएगी।

कोट

मुकदमा अज्ञात में दर्ज किया गया था। विवेचना में शिवम मिश्रा का नाम सामने आया तो एफआईआर में उसका नाम जोड़ दिया गया है। विवेचना चल रही है। कार्रवाई की जाएगी। इस घटना में लापरवाही बरतने पर ग्वालटोली थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है।

- रघुबीर लाल, पुलिस आयुक्त

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।