IPS Rajiv Krishna will be new DGP UP Yogi government issued orders आईपीएस राजीव कृष्ण होंगे यूपी के नए डीजीपी, योगी सरकार ने जारी किए आदेश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

आईपीएस राजीव कृष्ण होंगे यूपी के नए डीजीपी, योगी सरकार ने जारी किए आदेश

प्रशांत कुमार की सेवानिवृत्ति के बाद यूपी के नए डीजीपी के नाम को लेकर चल रही उथल-पुथल अब खत्म हो चुकी है।

Sat, 31 May 2025 08:22 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
आईपीएस राजीव कृष्ण होंगे यूपी के नए डीजीपी, योगी सरकार ने जारी किए आदेश

पिछले कई दिनों से यूपी में नए डीजीपी को लेकर चल रही उथल-पुथल अब खत्म हो चुकी है। योगी सरकार ने नए डीजीपी की नियुक्त पर मुहर लगा दी है। वर्ष 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को यूपी का नया डीजीपी बनाया गया है। शनिवार देर शाम उनका नाम तय किया गया। इससे एक दिन पहले तक यह चर्चा होती रही कि 31 मई को रिटायर हो रहे डीजीपी प्रशांत कुमार को सेवा विस्तार मिल सकता है। राजीव कृष्ण भी कार्यवाहक डीजीपी हैं। इससे पहले चार कार्यवाहक डीजीपी बन चुके हैं। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान के डीजी रहते हुए ही राजीव कृष्ण को पुलिस भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष पद की बड़ी जिम्मेदारी दी गई थी।

राजीव कृष्ण अपनी अलग शैली में काम करने के लिए जाने जाते हैं। बीहड़ में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर वह काफी चर्चा में रहे थे। वर्ष 2023 की सिपाही भर्ती परीक्षा का पर्चा आउट होने पर सरकार की काफी किरकिरी हुई थी। यह परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी। इसके बाद ही भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष पद पर रहते हुए सिपाही भर्ती परीक्षा को फिर से कराने की जिम्मेदारी राजीव कृष्ण को दी गई। यह परीक्षा बिना किसी विवाद और गड़बड़ी के सम्पन्न हो गई थी। राजीव कृष्ण दो बार लखनऊ पुलिस के मुखिया के तौर पर तैनात रह चुके हैं। वर्ष 2010 में लखनऊ के डीआईजी/एसएसपी पद पर उनकी तैनाती हुई थी। राजीव कृष्ण की पत्नी मीनाक्षी सिंह आईआरएस अफसर हैं और इस समय नोएडा में सीबीडीटी में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर तैनात हैं।

असल में राजीव कृष्ण का नाम पिछले कुछ दिनों से सबसे ज्यादा चर्चा में था। पर, कुछ लोग यह अटकलें लगा रहे थे कि उनका कार्यकाल वर्ष 2029 तक है, इसलिए अभी उनके नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है। प्रशांत कुमार का नाम सेवा विस्तार के लिए भेजे जाने की बात कहकर भी कई तरह की अटकलें थीं।

प्रशांत कुमार समेत छह आईपीएस रिटायर

डीजीपी प्रशांत कुमार के साथ ही डीजी कारागार पीवी रामाशास्त्री, डीजी दूरसंचार डॉ. संजय एम तरडे, डीआईजी महिला व बाल सुरक्षा संगठन किरन यादव, डीआईजी सतर्कता अधिष्ठान डॉ. अरविन्द चतुर्वेदी और डीआईजी कार्मिक तेज स्वरूप सिंह भी शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। तीन दिन पहले प्रशांत कुमार के अलावा अन्य पांचों अफसरों का विदाई समारोह हो गया था।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।