IOC manager car fired upon Rampur son and nephew former minister state arrested यूपी में आईओसी मैनेजर की कार पर फायरिंग, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री का बेटा और भतीजा गिरफ्तार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में आईओसी मैनेजर की कार पर फायरिंग, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री का बेटा और भतीजा गिरफ्तार

रामपुर में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) के एरिया सेल्स मैनेजर की कार पर फायरिंग करने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है।

Sun, 18 Jan 2026 07:56 PMDinesh Rathour रामपुर
share
यूपी में आईओसी मैनेजर की कार पर फायरिंग, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री का बेटा और भतीजा गिरफ्तार

यूपी के रामपुर में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) के एरिया सेल्स मैनेजर की कार पर फायरिंग करने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में बसपा सरकार में दर्जा राज्यमंत्री रहे और वर्तमान सपा नेता सुरेंद्र सागर के बेटे और भतीजे को गिरफ्तार किया है। वारदात के पीछे पेट्रोल पंप की सेल का दबाव और फोन पर हुई तीखी बहस मुख्य कारण निकलकर सामने आई है।

मूल रूप से अलीगढ़ निवासी अनिल कुमार रामपुर में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर तैनात हैं। बुधवार देर रात आवास विकास कॉलोनी स्थित उनके आवास के बाहर खड़ी कार पर कार सवार हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से तफ्तीश शुरू की, तो कड़ियां सपा नेता सुरेंद्र सागर के बेटे हिमांशु सागर और उनके भतीजे नितिन (निवासी बाबा दीप सिंह नगर) से जाकर जुड़ीं। रविवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और कार बरामद कर ली है।

दोस्त की कार और पिता की पिस्टल का इस्तेमाल

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि हिमांशु ने वारदात के लिए अपने दोस्त से कार मांगी थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का पीछा करते हुए पुलिस कार स्वामी तक पहुंची, जिसके बाद आरोपियों का नाम सामने आया। बरामद पिस्टल हिमांशु के पिता सुरेंद्र सागर के नाम पर रजिस्टर्ड है। आरोपियों ने बताया कि अधिकारी लगातार सेल को लेकर दबाव बना रहे थे, जिससे नाराज होकर उन्होंने फोन पर बहस के बाद इस वारदात को अंजाम दिया।

मुकदमे में बढ़ीं गंभीर धाराएं

थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। मामले में पुलिस ने पहले दर्ज धारा 125 (बीएनएस) को हटाकर अब धारा 109(1), 3(5) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। पुलिस ने मौके से कारतूसों के खोखे भी बरामद किए हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।