Internet services suspended in Bareilly for two days UP government issues order बरेली में दो दिन के लिए फिर बंद हुईं इंटरनेट सेवाएं, यूपी सरकार ने जारी किया आदेश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बरेली में दो दिन के लिए फिर बंद हुईं इंटरनेट सेवाएं, यूपी सरकार ने जारी किया आदेश

बरेली में एक बार फिर इंटरनेट की सेवाओं को बंद कर दिया गया। गुरुवार की शाम तीन बजे से अगले 48 घंटे तक इंटरनेट की सभी सेवाएं बंद रहेंगी। शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन ने ये कदम उठाया है।

Thu, 2 Oct 2025 05:29 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान
share
बरेली में दो दिन के लिए फिर बंद हुईं इंटरनेट सेवाएं, यूपी सरकार ने जारी किया आदेश

यूपी के बरेली में एक बार फिर इंटरनेट की सेवाओं को बंद कर दिया गया। गुरुवार की शाम तीन बजे से अगले 48 घंटे तक इंटरनेट की सभी सेवाएं बंद रहेंगी। शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन ने ये कदम उठाया है। यूपी सरकार के गृह सचिव गौरव दयाल ने इस संबंध में आदेश भी जारी किए हैं। गृह सचिव गौरव दयाल ने आदेश में लिखा है कि बरेली में कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति हो सकती है। इससे जान-माल का नुकसान भी हो सकता है। एसएमएस और व्हाट्सएप के साथ ही फेसबुक व यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए लोगों की भावनाओं को भड़काने का प्रयास किया जा सकता है। इसको देखते हुए ही इंटरनेट के दुरुपयोग को रोकने के लिए गुरुवार की शाम तीन बजे से चार अक्टूबर की शाम तीन बजे तक 48 घंटे के लिए दूर संचार सेवाओं से मैसेज, इंटरनेट, ब्राडबैंड सेवा को निलम्बित करने का आदेश दिया गया है।

बतादें कि बीते शुक्रवार को बरेली में जुमे की नमाज के बाद बवाल हो गया था। सैकड़ों की संख्या में उपद्रवियों ने तोड़फोड़ करके बाइकों को फूंक दिया था। पुलिस के अनुसार भीड़ को सोशल मीडिया का इस्तेमाल करके बुलाया गया था। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा था। तीन अक्टूबर को एक फिर जुमे की नमाज पड़ रही है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने शहर में अलर्ट जारी कर दिया है। शहर की शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए शहर भर में पुलिस फोर्स को तैनाती गई है। साथ ही इंटरनेट की सेवाओं पर भी 48 घंटे के लिए रोक लगा दी गई है।

पहले भी दो दिन के लिए बंद की गईं थीं इंटरनेट सेवाएं

बरेली में बीते शुक्रवार को हुए उप्रदव के बाद बिगड़े माहौल को देखते हुए शासन ने 27 सितंबर को इंटरनेट सेवाओं पर 48 घंटे के लिए रोक लगा दी थी। इसके बाद ही शनिवार से 29 सितंबर तक के लिए बरेली में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गईं थीं।

क्या है मामला

पिछली 26 सितंबर को बरेली में पुलिस और भीड़ के बीच हुई हिंसक झड़पों के बाद उठाया गया है। गत शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कोतवाली क्षेत्र की एक मस्जिद के बाहर दो हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान हुए पथराव और लाठीचार्ज में कुछ पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गये थे। यह हिंसा इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां द्वारा 'आई लव मुहम्मद' पोस्टर विवाद को लेकर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को रद्द किये जाने के बाद शुरू हुई थी। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने बताया कि बरेली में हाल में हुई हिंसा के बाद आज दशहरे के त्यौहार के मद्देनजर बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों रामलीला, दुर्गा पूजा मेलों और रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान सतर्क रहने के विशेष निर्देश दिए गए हैं। विजयादशमी और उससे जुड़े त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन कड़ी निगरानी रख रहा है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।