Indecent, low thinking, meanness Politics heated up in UP after Modi was abused in Bihar Yogi both deputies angry अभद्र, गिरी सोच, नीचता... मोदी को बिहार में गाली पर यूपी में गरमाई सियासत, योगी भी आक्रोशित, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

अभद्र, गिरी सोच, नीचता... मोदी को बिहार में गाली पर यूपी में गरमाई सियासत, योगी भी आक्रोशित

बिहार में राहुल-तेजस्वी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान एक मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली देने का वीडियो वायरल हो रहा है। इसे लेकर यूपी में भी राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक आक्रोशित हैं।

Thu, 28 Aug 2025 07:26 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
अभद्र, गिरी सोच, नीचता... मोदी को बिहार में गाली पर यूपी में गरमाई सियासत, योगी भी आक्रोशित

बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली पर यूपी में सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक इससे आक्रोशित हैं। सीएम योगी ने इसे अभद्र भाषा करार दिया तो वहीं केशव प्रसाद मौर्य ने स्तरहीनता और गिरी हुई सोच कहा है। ब्रजेश पाठक ने तो कहा कि राजनीति में ऐसी गिरी हुई सोच कभी नहीं देखी गई है।

दरअसल बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट पुनरीक्षण अभियान के मुद्दे पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव समेत इंडिया गठबंधन के नेता वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। यह यात्रा बुधवार को दरभंगा पहुंची। इस दौरान जाले विधानसभा क्षेत्र में राहुल गांधी के स्वागत के लिए एक स्थानीय नेता द्वारा मंच तैयार किया गया था। आरोप है कि इस मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली दी गई। इससे संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो की पुष्टि हम नहीं करते हैं। बताया जा रहा है कि यह मंच किसी पार्टी का आधिकारिक मंच नहीं था। बल्कि कांग्रेस के टिकट दावेदार मोहम्मद नौशाद के समर्थक मोहम्मद फैयाज ने मंच बनवाया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राहुल-तेजस्वी के स्वागत में बने मंच से मोदी को मां की गाली दी गई, वीडियो वायरल

वीडियो सामने आने के बाद एनडीए और भाजपा में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है। सीएम योगी ने एक्स पर लिखा कि कांग्रेस और आरजेडी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए प्रयुक्त अभद्र भाषा अत्यंत निंदनीय एवं राजनीतिक मर्यादा का पतन है। INDI गठबंधन के नेताओं द्वारा किया गया यह कृत्य सिर्फ प्रधानमंत्री जी का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों की भावनाओं का अपमान है।

कहा कि याद रहे, एक साधारण मां ने अपने संघर्षों और संस्कारों से ऐसे पुत्र को गढ़ा, जिसने स्वयं को राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित कर दिया और आज विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में जन-जन के मन में बसते हैं। बिहार की जनता निश्चित ही इस घृणित राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी और भारतीय संस्कृति व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करेगी।

वहीं केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘स्तरहीनता’ ही कांग्रेस और राजद की राजनीति की मुख्य पहचान है। बिहार की धरती पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने राजनीति को सबसे निम्न स्तर पर पहुंचा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माताजी को अपने कार्यकर्ताओं द्वारा अपमानित कराना उनकी विकृत मानसिकता और हताशा का परिचायक है। ऐसी गिरी हुई सोच को बिहार और देश की जनता कभी क्षमा नहीं करेगी।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूज्य स्वर्गीय माताजी के लिए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा के मंच से की गई बेहद अभद्र टिप्पणी का मैं कड़ा विरोध करता हूं। राजनीति में ऐसी नीचता पहले कभी नहीं देखी गई। यह यात्रा अपमान, घृणा और स्तरहीनता की सारी हदें पार कर चुकी है। तेजस्वी और राहुल अपने बयानों में देश के महापुरुषों को अपमानित करते रहे हैं। उन्होंने बिहार की जनता को भी नहीं बख्शा। उनकी हताशा की स्थिति यह है कि वे देश के प्रधानमंत्री की पूज्य स्व० माताजी के प्रति गालियों का इस्तेमाल करा रहे हैं। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री एवं उनकी माताजी के लिए इतनी गंदी भाषा का प्रयोग कराया है कि उसे फिर से दोहराना भी संभव नहीं है। एक मां का अपमान कराने के लिए देश और बिहार की जनता राहुल और तेजस्वी को कभी माफ नहीं करेगी। यह बेहद शर्मनाक और निर्लजता की सारी हदें पार करने वाला कार्य है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।