नौकर के नाम पर खदान करके 800 करोड़ की आयकर चोरी, छापेमारी में 21 करोड़ बरामद
बांदा और महोबा में खनन व रियल एस्टेट कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की चार दिन चली छापेमारी में करीब 800 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा हुआ है। जांच में एक बड़ी खदान घर में काम करने वाले नौकर के नाम पर संचालित किए जाने का मामला सामने आया, जिसे अधिकारियों ने बेहद असामान्य बताया है।

बांदा और महोबा में खनन व रियल एस्टेट कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की चार दिन चली छापेमारी में करीब 800 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा हुआ है। जांच में एक बड़ी खदान घर में काम करने वाले नौकर के नाम पर संचालित किए जाने का मामला सामने आया, जिसे अधिकारियों ने बेहद असामान्य बताया है। आयकर विभाग की 200 से अधिक टीमों ने बुधवार को बांदा, महोबा के खनन कारोबारी व पूर्व विधायक के भाई सीरजध्वज सिंह, दिलीप सिंह और अज्ञात गुप्ता समेत उनसे जुड़े प्रतिष्ठानों पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान 21 करोड़ की बरामदगी की गई है।
इसमें करीब 7 करोड़ नकद और 14 करोड़ के आभूषण हैं। इसके अलावा 20 बैंक लॉकर भी मिले, जिन्हें सीज कर दिया गया है। आयकर विभाग को इन लॉकरों में और नकदी, आभूषण तथा संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिलने की उम्मीद है।जांच में यह भी सामने आया कि मुंबई की कंपनियों के जरिए 660 करोड़ रुपये से अधिक की बोगस खरीद दिखाई गई, जबकि करीब 100 करोड़ रुपये का फर्जी लोन दिखाकर रकम को रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में लगाया गया। आयकर अधिकारियों ने कारोबारियों और कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
कानपुर में सुगंध कारोबारी के ठिकानों से 15 करोड़ की इनकम टैक्स चोरी पकड़ी गई
शहर के फ्रेगरेंस कारोबारी एस कुमार परफ्यूमर्स के छह ठिकानों पर आयकर विभाग का 62 घंटे तक सर्वे चला। जांच में करीब 15 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी सामने आई। अधिकारियों को पता चला कि पान मसाला कारोबारियों से करीब 80 फीसदी लेनदेन नकद में किया जाता था और रकम रियल एस्टेट में लगाई जा रही थी। सर्वे के दौरान कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल से टैक्स चोरी से जुड़े साक्ष्य मिले। टीम ने कारोबारी से पांच करोड़ रुपये जमा कराए और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गई है, जिनकी जांच जारी है।
62 घंटे चला सर्वे
- आयकर विभाग ने एक्सप्रेस रोड, केनाल रोड, हरबंश मोहाल, स्वरूप नगर समेत छह ठिकानों पर सर्वे किया।
- कार्रवाई में 40 से अधिक आयकर अफसरों की टीम लगाई गई थी, पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी हुई।
- कच्चे माल के स्टॉक में भी बड़ा अंतर पाया गया,आयकर टीम ने दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड कब्जे में लेकर जांच शुरू की।




साइन इन