यूपी में अजब-गजब: आयकर विभाग ने मजदूर को भेज दिया सात करोड़ का नोटिस, टेंशन में आया परिवार
हरदोई में एक अजब-गजब मामला सामने आया है। आयकर विभाग ने रूदामऊ के एक मजदूर को सात करोड़ रुपये का नोटिस भेज दिया। यही नहीं आयकर विभाग की एक टीम 13 जनवरी को मजदूर के घर भी पहुंच गई।

यूपी के हरदोई में एक अजब-गजब मामला सामने आया है। आयकर विभाग ने रूदामऊ के एक मजदूर को सात करोड़ रुपये का नोटिस भेज दिया। यही नहीं आयकर विभाग की एक टीम 13 जनवरी को मजदूर के घर भी पहुंच गई। टीम ने युवक से बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज मांगे। नोटिस के बाद से परिजन मानसिक तनाव में हैं। माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रूदामऊ निवासी गोविन्द कुमार को आयकर विभाग की ओर से 7 करोड़ 15 लाख 92 हजार 786 रुपये की नोटिस मिलने से पूरे परिवार में हड़कंप मचा है।
गोविन्द कुमार ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है और इतनी बड़ी रकम की नोटिस आने का उसे कोई कारण समझ में नहीं आ रहा है। उसके पिता रामचन्द्र कश्यप और मां कमला देवी ने बताया कि बड़ा बेटा पंकज कस्बे के चौराहे पर ठेली लगाता है, जबकि छोटा बेटा गोविन्द मजदूरी करता है। कई दिनों से परिवार के सदस्यों ने ठीक से भोजन तक नहीं किया है। यह नोटिस आठ जनवरी को जारी किया गया था। इसमें कल यानी 20 जनवरी को सुनवाई की बात लिखी है। मामले में जब आयकर निरीक्षक शुभम शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि हरदोई ऑफिस से कोई भी टीम नोटिस देने माधौगंज थाना क्षेत्र के रूदामाऊ नहीं गई है। इस संबंध की जानकारी आने पर जांच की जाएगी।
छह साल पुराना कानपुर कनेक्शन
गोविन्द का कहना है कि करीब छह वर्ष पहले शादी के बाद वह कानपुर में एक गुटखा कंपनी में चार महीने तक काम करने गया था। वहीं उसके भांजे अजय कुमार ने कुछ लोगों से काम दिलाने के नाम पर संपर्क कराया। एक महिला ने गरीबी रेखा के नीचे बैंक खाते के जरिए सरकारी लाभ दिलाने का लालच दिया। महिला के कहने पर दो लोगों ने सीतापुर जनपद के विसवां स्थित एचडीएफसी बैंक में खाता खुलवाया, जहां दो से तीन हजार रुपये नकद भी दिए गए। बाद में कोई लाभ नहीं मिला और गोविन्द गांव लौटकर खेती-बाड़ी व मजदूरी करने लगा। उसे आशंका है कि उसी खाते से जुड़ा मामला अब सामने आया है। गोविन्द ने बताया कि खाता खुलवाने वाले लोग पासबुक और बैंक से जुड़े सभी कागजात अपने साथ ले गए थे।




साइन इन