income tax department continues action against bsp mla umashankar singh officers stationed in ballia and varanasi बीएसपी MLA उमाशंकर सिंह पर इनकम टैक्स का ऐक्शन जारी, बलिया और बनारस में डटे अफसर, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बीएसपी MLA उमाशंकर सिंह पर इनकम टैक्स का ऐक्शन जारी, बलिया और बनारस में डटे अफसर

बलिया में विधायक उमाशंकर सिंह के दफ्तर के अलावा उनके सहयोगियों के पास से बरामद रकम को इनकम टैक्स  की टीम ने नगरा और अन्य बैंक की शाखाओं में जमा कराया है। रसड़ा स्थित दो बैंकों के शाखा प्रबंधकों से भी पूछताछ की गई। अठिलापुर, छितौनी और नरही थाना क्षेत्र के दौलतपुर में भी टीम डटी रही।

Fri, 27 Feb 2026 11:39 PMAjay Singh हिन्दुस्तान टीम, बलिया/सोनभद्र/वाराणसी
share
बीएसपी MLA उमाशंकर सिंह पर इनकम टैक्स का ऐक्शन जारी, बलिया और बनारस में डटे अफसर

UP News: बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रही। विभागीय सूत्रों के मुताबिक 100 करोड़ की कर चोरी की संभावना है। बलिया और वाराणसी में अफसर अभी डटे हैं। छानबीन में बड़ी मात्रा में कैश मिले हैं। सोनभद्र में 55 घंटे जांच के बाद टीम लौट गई है। इस बीच मिर्जापुर के डगमगपुर स्थित विधायक के क्रशर प्लांट पर अफसर पहुंचे हैं।

बलिया में विधायक के दफ्तर के अलावा उनके सहयोगियों के पास से बरामद रकम को आयकर की टीम ने नगरा और अन्य बैंक की शाखाओं में जमा कराया है। रसड़ा स्थित दो बैंकों के शाखा प्रबंधकों से भी पूछताछ कर लेन-देन, प्रापर्टी आदि के बारे में जानकारी जुटाई। अठिलापुर, छितौनी और नरही थाना क्षेत्र के दौलतपुर में भी टीम डटी रही। यहां ‘छात्रशक्ति’ से जुड़े विधायक के सहयोगी भूपेंद्र सिंह और अंजय सिंह समेत अन्य लोगों से पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि दोनों उमाशंकर के कार्यों को संपादित करते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:BSP के इकलौते MLA उमाशंकर सिंह पर ऐक्शन, लखनऊ से बलिया तक घर-दफ्तर पर IT की रेड

उधर, सोनभद्र के ओबरा और चोपन में आधा दर्जन खनन कारोबारियों के यहां दिन भर जांच की गई। कुछ कारोबारियों को सुरक्षा में बैंकों तक ले जाकर उनके खाते और लॉकर खंगाले गए। कई खातों और लॉकरों को फ्रीज कर दिया गया है। राबर्ट्सगंज के इमिरती कॉलोनी स्थित बसपा विधायक के कार्यालय में भी दस्तावेजों की जांच हुई। इस बीच कई क्रशर प्लांट बंद मिले और मशीनें खड़ी रहीं। ओबरा के रास पहाड़ी स्थित एक खदान में टीम ने ड्रोन और सैटेलाइट तकनीक से गहराई, सीमांकन और निकाले गए खनिज का मिलान किया। वाराणसी के डीआईजी कॉलोनी स्थित कंपनी के कार्यालय में भी आईटी की डटी हुई है। कई दस्तावेजों को जब्त किया है। वहीं देर शाम आईटी की टीम मिर्जापुर के डगमगपुर स्थित विधायक के क्रशर प्लांट पर पहुंची है। दो कर्मचारियों को गोपनीय स्थान पर ले जाकर अफसर पूछताछ कर रहे हैं।

अधिकारी बोले: जांच में समय, बाद में देंगे जानकारी

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर छापेमारी में आयकर अधिकारियों के हाथों क्या लगा है, इसकी कोई पुख्ता जानकारी नहीं हो सकी है। अधिकारी इस मामले में कुछ भी नहीं बता रहे। उन्होंने सभी से दूरी बना रखी है। आवास और कार्यालय के कर्मचारियों और अन्य लोगों के मोबाइल भी उन्होंने जब्त कर रखे हैं, लिहाजा किसी का कहीं सम्पर्क भी नहीं हो रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के घर छापे पर भड़के योगी के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह

गुरुवार को आयकर अधिकारियों की टीम के सदस्य कई बार खनवर स्थित विधायक के नए और पुराने आवास पर आते-जाते नजर आए। सुबह में विधायक के अनुज रमेश सिंह घर से कुछ दूरी पर स्थित खाकी बाबा मठिया पर पूजा करने निकले तो उनके पीछे अधिकारियों की एक टीम भी निकली। वहां से भी वापस लौटे। इस दौरान संक्षिप्त बातचीत में अधिकारियों ने इतना ही बताया कि जांच चल रही है। इसमें लम्बा समय लगेगा। ठिकानों से क्या कुछ मिला? इस सवाल पर कुछ भी बताने से इंकार किया। इतना ही कहा कि इन सबकी पूरी जानकारी बाद में दी जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।